मनोरंजन

अक्षय कुमार बन गए भारतीय नागरिक

नई दिल्ली। फ़िल्म अभिनेता अक्षय कुमार अब भारतीय नागरिक बन गए है। सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर उन्होंने ये खुशखबरी अपने फैंस के साथ शेयर की है। उन्होंने अपने डॉक्यूमेंट की फोटो भी शेयर की है। अब तक अक्षय कुमार कनाडा के नागरिक थे। कनाडा की नागरिकता होने के कारण उन्हें कई बार आलोचनाओं का शिकार होना पड़ा था।


वहीं अब स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अभिनेता अक्षय कुमार ने अपने फैंस के साथ ये खुशखबरी साझा की है। इसमें उन्होंने बताया कि वो फिर से भारतीय नागरिक बन गए है। गौरतलब है कि अक्षय कुमार को कई बार कनाडा की नागरिकता को लेकर आलोचनाओं का शिकार होना पड़ता था। इस संबंध में अक्षय कुमार ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपने भारतीय नागरिकता प्रमाणपत्र की एक तस्वीर साझा की। 55 वर्षीय अभिनेता ने कहा, दिल और नागरिकता दोनों हिंदुस्तानी। स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। जय हिंद।


अक्षय ने पहले कहा था कि 1990 के दशक में वह अपने करियर के बुरे दौर से गुजरे थे और उस दौरान उन्होंने लगातार 15 से अधिक फ्लॉप फिल्में दीं थीं, जिसके बाद उन्हें कनाडा की नागरिकता के लिए आवेदन करने के लिए मजबूर होना पड़ा था। 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान मतदान नहीं करने के बाद उनकी नागरिकता जांच के दायरे में आ गई थी। चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का गैर-राजनीतिक साक्षात्कार लेने के बाद यह मामला भी बहस का विषय बन गया था।


जानकारी के मुताबिक वर्ष 2019 में अक्षय कुमार ने बताया था कि वो जल्द ही भारतीय पासपोर्ट के लिए अप्लाई करेंगे। उनके पास अब भारतीय पासपोर्ट है और भारतीय नागरिक बने है।