उत्तर प्रदेश

उपमुख्यमंत्री को दिया निमंत्रण, श्रीमहालक्ष्मी मंदिर जन्माष्टमी महोत्सव में दिखेगी भव्यता की रंगत

श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल कर रहा 15 वां जन्माष्टमी महोत्सव एवं छप्पन भाेग का आयोजन
चार दिवसीय महोत्सव में निकलेगी निशान और भव्य पोशाक यात्रा भी, भजन संध्या होगी आकर्षण

आगरा। शहर के सबसे भव्य आयोजनों में से एक जन्माष्टमी महोत्सव एवं छप्पन भाेग 5 से 8 सितंबर तक बल्केश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर पर आयोजित किये जाएंगे। श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल द्वारा उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक को आयोजन में आने के लिए निमंत्रित किया गया है।
अध्यक्ष संजय अग्रवाल और वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज जैन ने उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक से उनके लखनऊ स्थित कार्यालय पर भेंट की और आयोजन में आने के लिए महालक्ष्मी जी के चित्र के साथ निमंत्रण दिया। उपमुख्यमंत्री ने आयोजन में आने के लिए अपनी सहमति दी है। अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी बल्केश्वर स्थित महालक्ष्मी मंदिर परिसर में जन्माष्टमी उत्सव और छप्पन भाेग भव्यता के साथ मनाया जाएगा। 15 वें महोत्सव में चार दिनों तक भक्ति की रसधारा प्रवाहित होगी। महोत्सव के प्रथम दिवस 5 सितंबर को प्रातः हवन एवं दोपहर में मेहंदी के कार्यक्रम होंगे। 6 सितंबर को प्रातः भव्य निशान यात्रा मंदिर परिसर से खाटू श्याम मंदिर तक निकाली जाएगी। निशान यात्रा पूरे बल्केश्वर क्षेत्र का भ्रमण करते हुए जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर पहुंचेगी। वहीं सायंकाल में राधा नगर, बल्केश्वर से मंदिर परिसर तक पोशाक यात्रा निकाली जाएगी। 7 सितंबर को सायंकाल विशाल फूल बंगला और छप्पन भाेग के दर्शन होंगे। साथ ही राजस्थान और मप्र के कलाकारों द्वारा भजन संध्या प्रस्तुत होगी। 8 सितंबर को सायंकाल श्याम रसोइ का आयोजन होगा और अन्तरराष्ट्रीय कलाकार भावना दीक्षित द्वारा मयूर नृत्य की प्रस्तुति होगी। आयोजन की भव्यता को देखते हुए तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं।