अन्य

जनकपुरी में होंगे सात दिवसीय कार्यक्रम संजय प्लेस की बदलेगी सूरत

आगरा। उत्तर भारत का ऐतिहासिक जनकपुरी महोत्सव इस बार शहर के बीचों बीच संजय प्लेस में मनाया जायेगा। इस बार तीन नहीं सात दिवसीय जनकपुरी कार्यक्रम होंगे।जनकपुरी आयोजन 8 अक्टूबर, 2023 से शुरू होकर 14 अक्टूबर, 2023 तक चलेगा।  यह जानकारी जनकपुरी आयोजन समिति ने संजय प्लेस स्थित एक रेस्टॉरेंट में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। साथ ही समिति ने यह भी बताया कि  जनकपुरी महल के लिए संजय प्लेस में पुलिस चौकी के पीछे पार्किंग स्थल को चुना गया है।

जनकपुरी के कार्यक्रम 8 अक्टूबर से शुरू होंगे सबसे पहले गणेशजी की शोभायात्रा निकाली जायेगी। उसके बाद  9 अक्टूबर को राजा जनक  जनकपुरीवासियों को निमंत्रण की शोभायात्रा निकाली जाएगी। 10 अक्टूबर को सीताजी का डोला निकलेगा। वे जनकपुरी भ्रमण करते हुए गौरा पूजन को जाएंगी। 11 अक्टूबर को सुबह राम बारात की अगवानी होगी और रात में सभी स्वरूप जनकमहल पर विराजमान होंगे। 12 अक्टूबर को भी जनकमहल पर सभी स्वरूप दर्शन देंगे। 13 अक्टूबर को जनकमहल से सीताजी की विदाई की रस्म पूरी होगी। 14 अक्टूबर को जनक महल पर ही महोत्सव के सहयोगियों का सम्मान होगा।

10 अक्टूबर को सीताजी जनकपुरी भ्रमण के बाद संजय प्लेस के सामने एच आई जी फ्लैट्स कालोनी में बने मंदिर में गौरा पूजन करने जायेंगी। 11 अक्टूबर की दोपहर राम-सीता विवाह के प्रतीक स्वरूप तुलसी और शालिग्राम के फेरे की रस्म संजय प्लेस पुलिस चौकी के नजदीक नारायण टावर के मंदिर में पूरी की जायेगी।

महोत्सव से दो दिन पहले निकलेगी आमंत्रण यात्रा

महोत्सव शुरू होने से दो या तीन पूर्व पूरे शहर के प्रमुख मार्गों पर आमंत्रण यात्रा भी निकाली जाएगी और शहरवासियों को महोत्सव के लिए आमंत्रित किया जायेगा। जनकपुरी में चार सिंह द्वार बनाए जायेंगे, इसके अलावा दर्जनों स्वागत द्वार भी होंगे।

जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने जनक महल स्थल पर शराब की दुकान होने के सवाल पर कहा कि इसे हटवाने के लिए हवन- पूजन कर प्रभु से प्रार्थना की जायेगी। तन-मन-धन से प्रभु श्री राम के सभी काम काज किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि पुलिस चौकी के पीछे जनक महल बनेगा। यहां 800 लोग बैठ सकते हैं। मुरारी प्रसाद ने यह भी बताया कि संजय प्लेस 5 दिन के लिए बंद नहीं होगा। पार्किंग एरिया में स्टॉल लगाए जाएंगे।