उत्तर प्रदेश

विश्व संवाद केंद्र ने आयोजित किया पत्रकार दिपावली मिलन समारोह


दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र के लोकार्पण कार्यक्रम की दी जानकारी

आगरा।विश्व संवाद केंद्र, आगरा विभाग ने शनिवार को कैलाशपुरी रोड स्थित पारस पल्र्स में दीपावली पत्रकार मिलन का आयोजन किया। कार्यक्रम में पत्रकार बंधुओं को दीनदयाल धाम स्थित कामधेनु गौशाला समिति द्वारा निर्मित दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र के लोकार्पण के सम्बंध में जानकारी दी गयी।

ब्रजप्रांत के सह प्रचार प्रमुख कीर्ति कुमार ने बताया विश्व संवाद केंद्र के द्वारा संचालित विभिन्न कार्याक्रमों व आयामों के बारे में जानकारी देते हुए पत्रकार बंधुओं को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के मंत्री हरीशंकर शर्मा ने बताया कि 28 नवंबर को मथुरा के फरह स्थित परखम ग्राम में दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के परमपूजनीय सरसंघचालक मोहन भागवत जी दोपहर 2 बजे लोकार्पण करेंगे।

हरीशंकर जी ने बताया कि गौ विज्ञान अनुसंधान एंव प्रशिक्षण केंद्र यह एक ऐसा अनूठा केंद्र होगा जहां गौवंश नस्ल सुधार, पंचगव्य की गुणवत्ता सुधार पर विश्वस्तरीय शोधकार्य किए जाएंगे। पंचगव्य से मनुष्यों की चिकित्सा, कैंसर जैसे असाध्य रोगों का इलाज वैज्ञानिक पद्धति से किया जाएगा। साथ ही गव्य उद्यमिता विकसित करने के लिए प्रशिक्षण भी प्रदान करेगा। अनुसंधान केंद्र में विभिन्न विश्वस्तरीय लैबों का निर्माण किया जाएगा।

इस दौरान लोकार्पण कार्यक्रम के निमंत्रण पत्र का विमोचन भी किया गया। आभार विभाग प्रचार प्रमुख मनमोहन निरंकारी और संचालन वरिष्ठ पत्रकार मधुकर चतुर्वेदी ने किया।

इस दौरान पारस पल्र्स के निदेशक मुकेश जैन, समिति के कोषाध्यक्ष शशीरंजन, किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष मोहन सिंह चाहर, राज्य उच्च शिक्षा आयोग के उपाध्यक्ष अनुराग शर्मा आदि उपस्थित रहे।