उत्तर प्रदेश

डीएम दुर्गा शक्ति फिर सुर्खियों में दमदार एक्शन की हो रही चर्चा


संवाद/विनोद मिश्रा


बांदा। प्रदेश की चर्चित आईएएस अधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल हमेशा अपने एक्शनों को लेकर चर्चाओं में बनी रहती हैं। इस बार भी जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने ऐसा एक्शन लिया है, जो सुर्खियों में है। बता दें कि डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने 2 ग्राम प्रधान, 2 विकास अधिकारियों और एक सचिव के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया है। डीएम ने इन सभी के खिलाफ धारा-420, 120 बी के तहत मुकदमा दर्ज करवाया है। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल को इन सभी के खिलाफ भष्ट्राचार की शिकायत मिली थी। डीएम ने फौरन एक्शन लेते हुए मामले की जांच करवाई। मामला सही पाए जाने पर दुर्गा शक्ति नागपाल ने सख्त कदम उठाया।


जानकारी के मुताबिक विकास खंड बबेरू की ग्राम पंचायत ब्योजा और अछाह में स्वच्छ भारत मिशन के तहत शासन द्वारा धनराशि भेजी गई थी। इसके तहत गांव में कूड़ा गाड़ी, कूड़ा निस्तारण केंद्र सहित व्यक्तिगत शौचालयों की मरम्मत आदि के कार्य करवाए जाने थे। आरोप है कि ग्राम प्रधान, सचिव और सहायक विकास अधिकारी ने मिलकर लाखों रुपये की चपत लगा दी।आरोप लगाया गया कि इन सभी ने 19 लाख रुपये की रकम अपनी चहेती फर्म को दे दिए और इन सभी ने 19 लाख रुपये का गबन कर लिया।


बता दें कि जैसे ही मामले की जानकारी बांदा डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल को मिली, उन्होंने फौरन मामले की जांच के आदेश दे दिए. जांच में आरोप सही पाए गए. ऐसे में डीएम ने फौरन एक्शन लेते हुए, जिला पंचायत अधिकारी की तहरीर पर 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया। अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।