उत्तर प्रदेश

शीत लहर औऱ ठंडी का सितम परवान की ओर : दिखाने लगा जलवा

संवाद -विनोद मिश्रा
बांदा। शीतलहर और सर्दी का सितम बढ़ता जा रहा है । यह अपना जलवा दिखाने लगा है। दोपहर को निकली हल्की धूप भी गलन और ठंड के सामने बेअसर रही। सर्द हवाओं से ठिठुर रहे लोग आग सेंकते नजर आए। बांदा का न्यूनतम तापमान सात और अधिकतम 22 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।


शनिवार को दोपहर तक धूप नजर नहीं आई। कोहरे की धुंध छाई रही। दृश्यता भी कमजोर रही। तमाम वाहन चालक लाइट जलाकर निकले। दिन चढ़ने के साथ कुछ कोहरा छटा तो हल्की धूप निकल आई, लेकिन कोई राहत नहीं मिली।
कुछ देर बाद फिर धूप नदारद हो गई। सर्द हवाओं के चलते पूरे दिन ठिठुरन बनी रही। ठंड से बचने की लोग जुगत करते रहे। शाम होते ही कोहरे संग सर्द हवाओं से फिर लोग ठिठुरने लगे। रात 10 बजे के बाद जरूरतमंद ही सड़कों पर नजर आए। घरों, प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक जगहों पर लोग अलाव तापते ठंड से बचने का प्रयास करते देखे गए।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिनेश साह ने बताया कि पहाड़ों में बर्फबारी और ठंडी हवाएं चलने से ठंड और गलन में इजाफा हुआ है। अधिकतम और न्यूनतम पारा लुढ़क रहा है। अभी ठंड ऐसी ही रहेगी। रात और दिन के तापमान में गिरावट आएगी। मंगलवार को भी कोहरा और हल्की धूप निकलने की संभावना है।