उत्तर प्रदेश

आज से तीन दिन पश्चिमी यूपी में घने कोहरे की चेतावनी सर्दी की चपेट में उत्तर भारत के राज्य

लखनऊ। मौसम विभाग ने शनिवार से सोमवार के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घना कोहरा छाया रहने की चेतावनी जारी की है। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र से इस बाबत यलो वार्निंग जारी की गयी है। बीते चौबीस घण्टों के दौरान प्रदेश में सबसे कम 5.5 डिग्री सेल्सियस रात का तापमान अयोध्या में दर्ज किया गया। राज्य के अन्य अंचलों में भी रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गयी।

उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी

नई दिल्ली, । पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी ने मौसम में ठंडक बढ़ा दी है। सर्द हवाओं के असर से उत्तर भारत के कई राज्य शीतलहर की चपेट में हैं। कड़ाके की ठंड के बीच मौसम विभाग ने आगामी कुछ दिनों में पारा और लुढ़कने की उम्मीद जताई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में न्यूनतम तापमान 4-8 डिग्री सेल्सियस के बीच है। वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, दक्षिणी राजस्थान में न्यूनतम तापमान 8-12 डिग्री सेल्सियस के बीच है। अगले चार से छह दिनों के बीच तापमान में तीन डिग्री गिरावट दर्ज की जाने की उम्मीद है।

इसके अलावा आईएमडी ने 24 दिसंबर तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश या बर्फबारी की भविष्यवाणी की है। वहीं 23 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा के कुछ हिस्सों और उत्तराखंड में हल्की बारिश की संभावना है।

राजस्थान में न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री राजस्थान के फतेहपुर में बीती रात न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, सर्द हवाओं के कारण मध्यप्रदेश के चौदह जिलों में रात का तापमान दस डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।

सर्दी का यहां रहेगा सितम

पंजाब-हरियाणा के ज्यादातर हिस्से ठंड की चपेट में हैं और लुधियाना में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। पंजाब के बठिंडा में रात को ठंड रही और तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के हिसार में हाड़ कंपा देने वाली ठंड रही और न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।