उत्तर प्रदेश

बुंदेलखंड का शिमला बना बांदा: कोहरे की चादर में लिपटा रहा पूरा इलाका


संवाद/ विनोद मिश्रा


बांदा। बुंदेलखंड में ठंड जानलेवा रूप में आ गई है। दस दिनों से मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है। बांदा जिला बुंदेलखंड का शिमला बन गया है। कोहरे की चाहर में पूरा इलाका कई दिनों से लिपटा है। धूप नहीं निकलने की वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिली है। बुंदेलखंड में हाड़ कंपाने वाली ठंड का दौर है। गुरुवार की सुबह जब लोगों की नींद खुली तो बुधवार की तरह पूरा इलाका घने कोहरे की चादर में लिपटा हुआ था। दृश्यता घटकर महज 10 मीटर बची थी। दिन चढ़नें पर भी कोहरे का असर कम नहीं हुआ। बर्फीली हवाओं के कारण गलन वाली ठंड पड़ रही है। दिन में भी जगह-जगह अलाव जलाए जा रहे हैं।


बुंदेलखंड में नए साल के पहले दिन से मौसम में तेजी से बदलाव हुआ है। उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बर्फवारी के चलते बर्फीली हवाएं मैदानी इलाकों को ठिठुरा रही हैं। गुरुवार को मौसम विभाग से मिली जानकारी अनुसार बांदा में 7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। जो पांच सालों में रिकार्ड है।