उत्तर प्रदेश

संस्कृति उत्सव 2023 में ज़िले स्तरीय लोक गायन, वादन, नृत्य और नाट्य प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन

आगरा। उत्तर प्रदेश संस्कृति पर्व हमारी संस्कृति हमारी पहचान के अंतर्गत संस्कृति उत्सव 2023 के आयोजन के क्रम में आज सूरसदन प्रेक्षागृह में जनपद स्तरीय लोक गायन, वादन, नृत्य और नाट्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें विभन्न तहसीलों से चयनित 82 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग करते हुए स्थानीय समृद्ध ऐतिहासिक लोक परंपराओं को प्रतिबिंबित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ लोककर्मी साहित्यकार राजबहादुर सिंह ‘राज’, संस्कार भारती के अखिल भारतीय संरक्षक बांकेलाल गौड़, अभिमन्यु वर्मा, नंदनंदन गर्ग, अर्पित चित्रांश, ओमस्वरूप गर्ग ने दीप प्रज्वलन के साथ किया।

होरी, रसिया, ढोला, जिकड़ी भजन, राजपूतानी होली, कथक नृत्य तथा विभिन्न वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं के मन झंकृत कर दिए। प्रो० नीलू शर्मा, डा० नीतू वर्मा, रक्षपाल सिंह परमार, गुंजन जादौन प्रतियोगिया के निर्णायक रहे। कार्यक्रम के संयोजक यतेन्द्र सोलंकी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश के जनमानस को अपनी माटी से जोड़ने का उल्लेखनीय कार्य कर रही है। प्रियंका वर्मा, रमा सोलंकी ने व्यवस्था में सहयोग दिया। नंदकिशोर ने सभी का आभार व्यक्त किया।