राजनीति

जिला भी बनेगा बाह और उद्योग धंधे भी होंगे स्थापित: राजकुमार चाहर

बाह में विधानसभा क्षेत्र कार्यालय का भाजपा प्रदेश महामंत्री ने किया शुभारंभ

विधायक रानी पक्षालिका सिंह ने पिछली बार से अधिक जीत का दिलाया भरोसा

आगरा। असंख्य वर्षों की साधना के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों से अयोध्या में भगवान श्रीराम लला, भव्य मंदिर में विराजमान हो गए। पूरे देश का जनमानस इस पल का साक्षी बना। वहीं दूसरी ओर देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के नुमाइंदों ने प्राण प्रतिष्ठा समारोह में तुष्टिकरण की नीति के कारण जाना जरूरी नहीं समझा।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान द्वारा फतेहपुर सीकरी लोकसभा प्रत्याशी राजकुमार चाहर के बाह विधानसभा क्षेत्र स्तरीय कार्यालय का गुरुवार को बाह कस्बा में फीता काटकर एवं विधिविधान से किया। इस दौरान रामप्रताप सिंह चौहान ने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस वोटबैंक की खातिर कांग्रेस और सपा समेत अन्य विपक्षी दलों के लोग, प्राण प्रतिष्ठा में नहीं पहुंचे, उसी वोट बैंक का इन्होंने हमेशा दोहन किया। देश के प्रधानमंत्री ने सभी धर्मों और वर्गों को अपने परिवारजन मानकर उनके हित में कार्य किया है। इसी का परिणाम है कि कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक मोदी का डंका बज रहा है। दक्षिण से लेकर पूर्वोत्तर के राज्यों में जहां भाजपा का औसत प्रदर्शन रहता था, वहां की राष्ट्रवादी जनता भाजपा के साथ मिलकर कदमताल कर रही है। उन्होंने सांसद प्रत्याशी राजकुमार चाहर की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि पूरे देश में भाजपा किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उन्होंने, किसानों के हित में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। जब विपक्षी दलों के लोग, किसानों को मोहरा बनाकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रहे थे, उस समय इन्होंने ही सकारात्मकता के साथ किसानों के बीच जाकर सरकार का पक्ष रखा।

बाह में विपक्ष शून्य, जीत का अंतर होगा दोगुना: रानी पक्षालिका सिंह

विधायक बाह रानी पक्षालिका सिंह ने कहा कि विपक्षी दलों की सरकार में बाह विधानसभा क्षेत्र पिछड़ापन का शिकार था। सांसद राजकुमार चाहर के प्रयासों से बाह विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हुआ है। देश के प्रेरणाश्रोत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की स्थली से लेकर बटेश्वर मंदिर का विकास डबल इंजन सरकार में हुआ है। वर्तमान में बाह क्षेत्र में विपक्ष की स्थिति शून्य है। पिछली बार, सांसद राजकुमार चाहर की जीत का आंकड़ा 76 हजार था। इस बार जीत का अंतर १ लाख होगा।

जिला भी बनेगा बाह और उद्योग धंधे भी होंगे स्थापित

सांसद प्रत्याशी राजकुमार चाहर ने कहा कि वर्तमान कार्यकाल में उन्होंने बाह विधानसभा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को दूर करवाने हेतु कार्य किया है। चिकित्सा, शिक्षा, परिवहन आदि सुविधाओं हेतु प्रदेश से लेकर केंद्र तक भागदौड़ की है। आगामी कार्यकाल में महत्वपूर्ण मुद्दों पर कार्य होगा। बाह को जिला बनाने की पुरानी मांग पूरी होगी। उद्योग धंधों की प्राथमिकता से स्थापना होगी। युवाओं के लिए कौशल विकास केंद्रों का विस्तार होगा। अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाएगा।

जमकर हुई पुष्पवर्षा
बाह विधानसभा क्षेत्र में आगमन होते ही उत्साही कार्यकर्ताओं और युवाओं, बुजुर्गों एकम महिलाओं द्वारा सामूहिक रूप से जमकर पुष्पवर्षा हुई। स्वागत सम्मान से अभिभूत, सांसद प्रत्याशी राजकुमार चाहर ने कहा कि बाह विधानसभा क्षेत्र का जनसंघ से लेकर भाजपा तक विशेष स्नेह रहा है। हमारा सौभाग्य है कि इसी धरा के अटल बिहारी वाजपेई की स्थली का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त हुआ है।

कार्यक्रम में रहे मौजूद
जिला अध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह, लोकसभा प्रभारी कन्हैया लाल गुप्ता, पूर्व विधायक मधुसूदन शर्मा, जितेंद्र वर्मा, जिला महामंत्री संतोष कटारा, शिवकुमार प्रमुख, शैलू जादौन, महिला मोर्चा अध्यक्ष पंकजा शर्मा, किसान मोर्चा अध्यक्ष देवेंद्र रावत, युवा मोर्चा अध्यक्ष हरिओम रावत, पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष कप्तान सिंह वर्मा, राजू लवानिया, राजीव जैन, विवेक भाटी, नागेंद्र चाहर, विधानसभा संयोजक सुरेंद्र कुशवाहा, मानवेंद्र राठौर, मंडल अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा, रविंद्र भदौरिया, रामबरन कुशवाह, निखिल गुप्ता, सतीश परिहार , रविंद्र बघेल, नाथूराम वर्मा , महेश कठेरिया, कृष्ण पाल सिंह, चेयरमैन पिनाहट रामरती देवी, ब्लॉक प्रमुख लाल सिंह आदि उपस्थित रहे। अन्नू दुबे