उत्तर प्रदेशजीवन शैली

भीषण गर्मी का सितम देकर विदा हुए नौतपा:मानसून जल्द आने की संभावना


संवाद/ विनोद मिश्रा


बांदा। रिकॉर्ड तोड़ गर्मी का सितम देने के बाद नौतपा की विदाई हुई। आखिरी दिन भी बांदा खूब तपा और अधिकतम तापमान प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा। हालांकि, मौसम विभाग द्वारा आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने के आसार जताए जा रहे हैं। मानसून समय पर आने की संभावना जताई जा रही है।
नौतपा की शुरुआत 25 मई को हुई थी। पहले दिन से ही गर्मी ने सितम ढाना शुरू कर दिया था। जबकि, नौतपा के दूसरे दिन ही बांदा में गर्मी का 132 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया था और अधिकतम तापमान 49.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

इसके अगले दिन 28 मई को तापमान 50 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। नौतपा के दौरान ,बांदा की गिनती देश और प्रदेश के सबसे अधिक गर्म शहरों में बनी रही। सुबह से लेकर शाम तक तीखी धूप खिली रही और लू के थपेड़ों ने लोगों को खूब झुलसाया। इससे जन जीवन बुरी तरह से प्रभावित बना रहा। जिला मुख्यालय की व्यस्ततम सड़कों पर भी दोपहर में सन्नाटे की स्थिति देखने को मिली। अस्पतालों में मरीजों की भरमार बनी रही। हर आयु वर्ग के लोगों को गर्मी ने अपना शिकार बनाया। रविवार को नौतपा खत्म हुए। आखिरी दिन अधिकतम तापमान 50.2 और न्यूनतम 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


हालांकि, आने वाले दिनों में गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम वैज्ञानिक दिनेश साहा के अनुसार इस सप्ताह तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है। इसके अलावा मानसून के भी यहां समय से पहुंचने की संभावना है।