उत्तर प्रदेशशिक्षा / सरकारी नौकरी

स्कूलों में लगेगी प्रदर्शनी, रोचक गतिविधियों से बच्चों को पढ़ाएंगे शिक्षक


संवाद/ विनोद मिश्रा


बांदा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के चार साल पूरे होने पर बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में 22 से 28 जुलाई तक शिक्षा सप्ताह मनाया जाएगा। इसके तहत विद्यालयों में अलग-अलग दिनों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।शिक्षा सप्ताह के तहत 22 जुलाई को टीएलएम दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें शिक्षक टीचिंग लर्निंग मेटेरियल के जरिये बच्चों को विभिन्न गतिविधियां करके दिखाएंगे। प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। दूसरे दिन 23 जुलाई को एफएलएन दिवस का आयोजन होगा। इसमें नवाचारी शिक्षण पद्धतियों पर संगोष्ठी होगी। इसके साथ ही लर्निंग सत्र का आयोजन किया जाएगा।


शिक्षकों की ओर से निपुण शपथ भी ली जाएगी। 24 जुलाई को खेल दिवस समारोह का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय खेलों का आयोजन किया जाएगा। 25 जुलाई को सांस्कृतिक दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें छात्र-छात्राओं की ओर से लोकनृत्यों का आयोजन किया जाएगा। 26 जुलाई को कौशल एवं डिजिटल इनिशिएटिव्स दिवस आयोजित होगा, जिसमें कौशलप्रद गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। 27 जुलाई को इको क्लब दिवस आयोजित होगा। मौके पर पौधरोपण होगा।
इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण से जुड़ीं अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। 28 जुलाई को सामुदायिक भागीदारी दिवस होगा। जन जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम होंगे।