उत्तर प्रदेशजीवन शैली

वृक्षारोपण की मच गई धूम :धरती मां की गोद हरी करने को रोपे गये पौधे


संवाद/ शरद मिश्रा


बांदा। जिले में वृक्षारोपण अभियान की धूम मच गई।धरती मां की गोद हरी कर हरितमा को बढ़ावा देनें के लिये धड़ा -धड़ पौधे रोपे गये। उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया गया।
जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, प्रमुख सचिव एल वेंकटेश्वर लू,जिलाधिकारी नागेंद्र प्रताप एवं जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल सहित अधिकारियों द्वारा विभिन्न स्थानों में वृक्षारोपण किया गया।जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने इस अवसर पर ककनारे बाबा पैलानी में पौध रोपण किया। पर्यावरण को सुरक्षित एवं संतुलित रखने के लिए जन आन्दोलन के रूप में इस अभियान को चलाने का आग्रह किया।कहा की एक पेड अपनी माॅ के लिए अवश्य लगायें। उसे सुरक्षित रखने का संकल्प लें।

कहा कि बाॅदा में लगभग 67 लाख वृक्षारोपण किया जाना है। उन्होंने कहा कि एक वृक्ष के लगाने से 10 बच्चे स्वस्थ्य रहते हैं, इसलिए सभी लोग एक-एक वृक्ष अवश्य लगायें। उन्होंने जल संचयन एवं वृक्षारोपण पर जोर देते हुए कहा कि आगे आने वाले समय में दोनों का ही अत्यन्त महत्व है, जिसकेे बिना जीवन में अनेकों कठनाईयां हो सकती हैं। उन्होंने वृक्षारोपण करने के पश्चात इसकी जीओ टैगिंग कराये जाने एवं इनको जीवित रखने के लिए सभी आवश्यक उपाय किये जाने एवं नियमित चेक करानें के निर्देश दिये। उन्होंने हर खेत में मेड एवं हर मेड पर पेड अवश्य लगाने के लिए किसानों को जागरूक किया।

उन्होंने इस अवसर पर स्वयंसेवी संस्थाओं, आॅगनबाडी कार्यकत्रियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को वृक्षारोपण हेतु पौधों का वितरण किया। जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह सहित जिलाधिकारी नगेन्द्र प्रताप, मुख्य विकास अधिकारी वेद प्रकाश मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्राम प्रधानों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों ने भी वृक्षारोपण किया।