उत्तर प्रदेश

नवाब सिंह यादव के घर योगी चलवाएं बुलडोजर… रेप पीड़िता के दादा-दादी ने रोते हुए लगाई गुहार

कन्‍नौज दुष्‍कर्म पीड़िता के दादा-दादी ने सीएम से लगाई गुहार नवाब सिंह यादव के घर पर बुलडोजर एक्‍शन की मांग की दुष्‍कर्म का आरोपी पूर्व ब्‍लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव जेल में

संवाद।। तौफीक फारूकी

कन्‍नौज: यूपी के कन्‍नौज में 15 साल की लड़की से दुष्‍कर्म के आरोप में पूर्व ब्‍लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव जेल की सलाखों के पीछे है। पुलिस लड़की की बुआ की तलाश सरगर्मी से कर रही है। लड़की के माता और पिता ने बुआ पर धोखा देने का आरोप लगाया है। अब किशोरी के दादा और दादी ने नवाब सिंह यादव की प्रॉपर्टी पर बुलडोजर चलवाने की मांग की है। दादा ने बताया- ‘कुछ पुलिसवाले हमारे पास गांव आए और बोले आपको कन्‍नौज चलना होगा। मैं अपनी पत्‍नी के साथ कन्‍नौज पहुंचा तो वहां मामला पता चला। वहीं नातिन से मुलाकात हुई। उसके साथ गलत हुआ। दुष्‍कर्म हुआ। हमको न्‍याय मिलना चाहिए। गलत किया है जिसने उसे सजा मिलनी चाहिए।’ किशोरी की दादी से जब इस संबंध में बात किया गया तो वह रोने लगीं। रोते हुए उन्‍होंने बताया- ‘इस घटना के तीन दिन बाद भी हम लोगों ने ठीक से खाना नहीं खाया है। बाबा जी (योगी आदित्‍यनाथ) को जो समझ में आए करें। जो गलत किया है उसे सजा तो मिलेगी। जो बेटी (किशोरी की बुआ) ने गलत किया है वह वो भरेगी। जो नेता ने गलत किया है उसका खामियाजा वह भरेगा।’किशोरी को नौकरी देने के लिए कॉलेज बुलाया था
गौरतलब है कि 12 अगस्‍त की देर रात पुलिस ने नवाब सिंह यादव को उसके डिग्री कॉलेज से गिरफ्तार किया था। आरोप है कि उसने लड़की को नौकरी देने के लिए बुलाया था। बुआ किशोरी को लेकर वहां पहुंची थी। पुलिस पूछताछ में किशोरी ने बताया है कि नवाब सिंह ने उसके साथ रेप किया। पहले पुलिस ने यादव पर छेड़खानी और पॉक्‍सो एक्‍ट लगाया था। बाद में दुष्‍कर्म की धारा भी जोड़ी गई। बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने दावा किया है कि नवाब सिंह यादव सपा का छुटभैया नेता नहीं, बल्कि डिंपल यादव का सांसद प्रतिनिधि भी रहा है। इस बीच, सपा जिलाध्यक्ष कलीम खां ने बताया कि नवाब सिंह यादव लगभग पांच साल से पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त थे, यहां तक कि वह पार्टी के प्रारंभिक सदस्य भी नहीं हैं, फिर भी पार्टी की छवि धूमिल करने के लिए एक षड्यंत्र के तहत उन्हें समाजवादी पार्टी का सदस्य बताया जा रहा है।