हरियाणा

हरियाणा में आज है वोटिंग, 1027 उम्मीदवारों की किस्मत का होगा फैसला

चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए एक चरण  में 5 अक्टूबर को मतदान होगा। इसके नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल 3 नवंबर, 2024 को समाप्त होने वाला है। पिछला विधानसभा चुनाव अक्टूबर 2019 में हुआ था। चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी का गठबंधन हुआ। और जननायक जनता पार्टी ने राज्य में सरकार बनाई और मनोहर लाल खट्टर मुख्यमंत्री बने। हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस, जननायक जनता पार्टी (जेजेपी), आम आदमी पार्टी (आप) और इंडियन नेशनल लोक दल (आईएनएलडी) के उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर बताई जा रही है।

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शनिवार, 5 अक्टूबर को सुबह 7 बजे शुरू होगा और शाम लगभग 6 बजे समाप्त होगा। कुल 1,031 उम्मीदवार 90 सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं जिनमें 101 महिलाएं हैं। इन उम्मीदवारों में 464 निर्दलीय लड़ रहे हैं। मतदान के लिए कुल 20,632 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार तीसरी बार राज्य की सत्ता हासिल करने की कोशिश कर रही है, वहीं कांग्रेस एक दशक के बाद सरकार में वापसी की उम्मीद कर रही है।

प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (लाडवा), विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा (गढ़ी सांपला-किलोई), इनेलो के अभय सिंह चौटाला (ऐलनाबाद), जजपा के दुष्यंत चौटाला (उचाना कलां), भाजपा के अनिल विज (अंबाला कैंट) और ओपी धनखड़ (बादली) और कांग्रेस की विनेश फोगट (जुलाना) शामिल हैं। वहीं निर्दलीय उम्मीदवारों में सावित्री जिंदल (हिसार), रंजीत चौटाला (रानिया) और चित्रा सरवारा (अंबाला कैंट) शामिल हैं।