अपराधउत्तर प्रदेश

बांदा पुलिस का गुड वर्क :गांजे की खेती का भंडाफोड़,166 किलो के साथ दो गिरफ्तार


संवाद/ विनोद मिश्रा


बांदा। जिले में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन ईगल” के तहत थाना अतर्रा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गांजे की खेती करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 166.65 किलोग्राम अवैध हरा गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में एक अन्य अभियुक्त मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
थाना अतर्रा पुलिस को सूचना मिली थी कि खम्हौरा गांव में कुछ लोग अपने घरों में अवैध गांजे की खेती कर रहे हैं।

पुलिस छापेमारी की और दो अभियुक्तों, रणधीर सिंह और नग्गू ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रणधीर सिंह के घर से 72 किलोग्राम और नग्गू ठाकुर के घर से 94 किलो 650 ग्राम अवैध हरा गांजा बरामद किया। इस कार्रवाई के दौरान रणधीर सिंह का बेटा कल्लू सिंह मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।एसपी अंकुर अग्रवाल ने इस सफलता के लिए पुलिस टीम की सराहना की। उन्हें 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।