संवाद/ शरद मिश्रा
बांदा। महाकुंभ में हुई भगदड़ को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी क्रम यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस हादसे को प्रशासनिक तंत्र की विफलता और प्रदेश सरकार की संवेदनहीनता का परिणाम बताया। आरोप है कि महाकुंभ जैसे बड़े आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई, जिसके चलते यह दुखद घटना घटी।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदुम्न दुबे ने कहा, “सरकार इस हादसे को छुपाने का प्रयास कर रही है। कुंभ में मृत या लापता लोगों के परिजनों को भी उनके बारे में कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। यह सरकार की बड़ी नाकामी को दर्शाता है।”कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल से हस्तक्षेप करने की अपील की और उत्तर प्रदेश सरकार को जल्द से जल्द स्थिति स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने लापता लोगों की खोजबीन तेज करने, घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की भी मांग की।