उत्तर प्रदेश

जमाअत-ए-इस्लामी हिन्द का “नशा मुक्त समाज-हमारा संकल्प” नशा मुक्ति अभियान 14 से 23 फरवरी तक

आगरा। नशा आज के समय में समाज के लिए एक गंभीर समस्या बन चुकी है। भारत में नशे की लत का शिकार लोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। एक रिपोर्ट के अनुसार, देश में लगभग 16 करोड़ लोग शराब का सेवन करते हैं, जबकि 3.1 करोड़ लोग भांग और गांजा का सेवन करते हैं। इसके अलावा, 2.1 करोड़ लोग हेरोइन और अन्य सिंथेटिक ड्रग्स का उपयोग करते हैं। यह समस्या न केवल व्यक्तिगत जीवन को प्रभावित करती है, बल्कि परिवार और समाज पर भी गहरा असर डालती है।

इन्हीं चिंताओं को ध्यान में रखते हुए, जमाअत-ए-इस्लामी हिन्द, उत्तर प्रदेश पश्चिम ने नशे के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने के उद्देश्य से “नशा मुक्ति अभियान” की शुरुआत की है। इस अभियान का उद्देश्य समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, और एक स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण करना है।

अभियान की मुख्य बातें

  1. जागरूकता कार्यक्रमः

जागरुकता कार्यक्रम के अन्तर्गत जनसभाएं, विचार गोष्ठियां, नुक्कड़ सभाएं, रैलियां, विभिन्न प्रतियोगिताएं, स्कूल और कॉलेज में लेक्चर्स आदि का आयोजन किया जाएगा। जिसके अन्तर्गत नशे से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों पर प्रकाश डाला जाएगा।

लक्ष्यः अभियान के दौरान पश्चिमी उ.प्र. के सभी जनपदों में दो लाख से अधिक लोगों को जागरूक किया जाएगा।

  1. समुदाय की भागीदारीः

स्थानीय एन.जी.ओ./ संगठनों के साथ साझेदारी, नशा मुक्ति केन्द्रों, सरकारी विभागों, स्कूल, और चिकित्सा संस्थानों एवं धार्मिक प्रमुखों, सामुदायिक नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शिक्षकों के सहयोग से अभियान को मजबूत बनाना। नशे से ग्रस्त व्यक्तियों की काउंसिलिंग।

लक्ष्यः 50 स्थानीय संगठनों / एन.जी.ओ. को जोड़ना, अभियान का लक्ष्य होगा।

  1. आध्यात्मिक और नैतिक मार्गदर्शनः

व्यक्ति को सही दिशा में ले जाने के लिए नैतिक और आध्यात्मिक समर्थन प्रदान करना।

  1. अभियान की शुरुआतः

इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ 14 फरवरी 2025 को जमाअत की प्रत्येक यूनिट / सर्किल में किया जाएगा।

इस दौरान विभिन्न गतिविधियां जैसे नुक्कड सभाएं, रैलियां, सामूहिक नशा मुक्ति प्रतिज्ञा का आयोजन, प्रदर्शनियां, और रचनात्मक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही इन कार्यक्रमों के दौरान हिन्दी/उर्दू में फोल्डर्स एवं स्टीकर्स भी वितरित किए जाएंगे।

हमारी अपीलः

यह अभियान केवल जमाअत-ए-इस्लामी हिन्द उत्तर प्रदेश पश्चिम की ही पहल नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग की जिम्मेदारी है। हम आप सभी से अपील करते हैं कि इस अभियान का हिस्सा बनें और नशे के खिलाफ इस लड़ाई को सफल बनाएं।

अभियान से पूर्व दिनाकः 12.02.2025 एवं 13.02.2025 को 10 स्थानों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएंगी।