महिला माह की प्रथम कड़ी में घरों में कार्य करने वाली महिलाओं का मनाया गया सामूहिक जन्मदिन
“द ग्रेट शक्तिस्वरूपा उत्सव” के चौथे संस्करण के तहत मार्च माह के हर शनिवार को मनाया जा रहा है महिला दिवस
8 मार्च को होगी “नारी एक रूप अनेक” थीम पर स्लोगन, चित्रकला प्रतियोगिता
लखनऊ । “द ग्रेट शक्ति स्वरूपा उत्सव” मिशन शक्ति के अंतर्गत नव अंशिका फाउंडेशन की ओर से नव अंशिका महिला माह की शुरुआत, शुक्रवार 1 मार्च से हुई। इस अवसर पर घरों में काम करने वाली श्रमजीवी महिलाओं को, गोमती नगर विकल्प खंड स्थित रेल विहार कॉलोनी परिसर में, सम्मानित किया गया। इस क्रम में अब 8 मार्च को “नारी एक रूप अनेक”थीम पर स्लोगन, चित्रकला प्रतियोगिता होगी।
“नव अंशिका श्रमदेवी शक्ति सम्मान” समारोह में सबसे पहले महिलाओं का सामूहिक जन्मदिन केक काटकर मनाया गया। इसमें सावित्री गुप्ता, निर्मला गौतम, गुड्डी,रंजीता, नेहा , रमा, मनीषा, माया शामिल रहीं। उन्हें जब फूलों की माला पहना कर भेंट स्वरूप साड़ियां दी गईं तो उनकी आंखे नम हो आईं। उन्होंने बड़े ही हर्ष के साथ कहा कि अब उन्हें अहसास हो रहा है कि वह एक छोटे परिवार से बड़े परिवार का अंग बन गई हैं। इस सम्मान समारोह में उन्होंने भजन और गीत ही नहीं सुनाए बल्कि डीजे के गानों पर डांस भी किया। इस अवसर पर संस्था की उपाध्यक्ष नीरा लोहानी, अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी मंजू बिष्ट, रेखा शर्मा, चन्द्र प्रभा मायर, सावित्री देवी, रचना सिंह, मीना श्रीवास्तव, पूनम पाण्डेय, ललिता सरीन, आभा सिंह, गरिमा श्रीवास्तव, शाहिन खान, रेनू जोशी, डॉ.शालिनी दत्त, आनंदिता कौशिक, पम्मी मायर, प्रीति शर्मा सहित कई अन्य विशिष्ट जन उपस्थित रहे।
इस सम्मान समारोह में नव अंशिका फाउंडेशन संस्था की अध्यक्षा नीशू त्यागी ने बताया कि इस क्रम में दूसरे शनिवार 8 मार्च, महिला दिवस के अवसर पर “नारी एक रूप अनेक” थीम पर स्लोगन, चित्रकला की प्रतियोगिता होगी। इसमें आमंत्रित कृतियों को आठ मार्च के दिन नव अंशिका के फेसबुक एकाउंट पर अपलोड किया जाएगा। इस प्रतिस्पर्धा के लिए अनिवार्य है कि सभी प्रतिभागी सात मार्च तक अपनी कृतियां व्हाट्सएप नंबर 9721700025 पर अवश्य भेज दे। इस प्रतिस्पर्धा के परिणाम 29 मार्च के समारोह में घोषित किये जाएंगे।
होली के पावन अवसर पर तीसरे शनिवार 15 मार्च को गुलाल की रंगोली की प्रतिस्पर्धा आयोजित की जाएगा। इसमें प्रतिभागियों को अपनी रंगोलियों की तस्वीरें व्हाट्सएप नंबर 9721700025 पर भेजनी होगी। इसी दिन “रंग-रंगीली सहेली” प्रतियोगिता, वेशभूषा प्रतियोगिता भी होगी जिसमें घरेलू महिलाएं सुसज्जित होकर अपनी तस्वीरें व्हाट्सएप नंबर 9721700025 पर भेज सकती हैं। इसका परिणाम 29 मार्च के समारोह में घोषित किए जाएंगे।
चौथे शनिवार 22 मार्च को शिक्षा, खेल, कला आदि क्षेत्र में यश अर्जित करने वाली “यूपी की सशक्त बेटियों” को “नव अंशिका तेजस्वनी सम्मान” से अलंकृत दिया जाएगा। इसका मकसद उनकी उपलब्धियों के माध्यम से दूसरों का मार्गदर्शन करना है। चूंकि आठ मार्च महिला दिवस को समर्पित है इसलिए आठ हस्तियों का चयन इसमें किया जाएगा।
अंतिम शनिवार 29 मार्च को पुरुषों के क्षेत्र में नाम अर्जित करने वाली महिलाओं को “नव अंशिका सर्वश्री सम्मान” से अलंकृत किया जाएगा। इसमें भी आठ महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर महिला माह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के उपस्थित विजेताओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा। “शक्तिस्वरूपा उत्सव” के लिए हेल्पलाइन का नम्बर “9721700025” है। इसके माध्यम से इस आयोजन और प्रतिभागिता के बारे में जानकारी हासिल की जा सकती है।
संयोजक दबीर सिद्धिकी ने महिला दिवस के इतिहास के बारे में जानकारी दी कि अमेरिका में सोशलिस्ट पार्टी के आह्वान पर, यह दिवस सबसे पहले 28 फरवरी 1909 को मनाया गया था। उसके बाद यह फरवरी के आखिरी इतवार के दिन मनाया जाने लगा। साल 1910 में सोशलिस्ट इंटरनेशनल के कोपेनहेगन सम्मेलन में इसे अन्तरराष्ट्रीय दर्जा दिया गया। साल 1917 में रूस की महिलाओं ने, महिला दिवस पर रोटी और कपड़े के लिये हड़ताल की जिसके परिणाम स्वरूप ज़ार ने सत्ता छोड़ी, अन्तरिम सरकार ने महिलाओं को वोट देने का अधिकार दिया। ग्रेगेरियन कैलैंडर के अनुसार वह दिन 8 मार्च था। ऐसे में साल 1921 में 8 मार्च महिला दिवस के रूप में विश्व स्तर पर मनाया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2025 की थीम “कार्रवाई में तेज़ी लाना” है।