अनुभव निधि आश्रम का चौथे वार्षिकोत्सव पर विधि विधान से आयोजित यज्ञ में दी गई आहूति, ट्रस्ट के सदस्यों संग वृद्धजनों ने खेली फूलों की होली
आगरा। अनुभव निधि आश्रम के 55 सदस्यों ने आज ट्रस्ट के सदस्यों संग उत्साह व उमंग के साथ वार्षिकोत्सव व होली उत्सव मनाया। परिवारीजनों ने छोड़ दिया तो क्या आश्रम में मान सम्मान और खुशियों से भरा नया संसार बन गया। हाथरस रोड उजरई स्थित अनुभव निधि आश्रम में आज चौथे वार्षिकोत्सव, होली मिलन समारोह व सहभोज का आयोजन किया गया। विधि विधान के साथ आयोजित यज्ञ में ट्रस्ट के सदस्यों संग आश्रम में रह रहे बुजुर्गों ने वैदित मंत्रोच्चारण के साथ हवन कुण्ड में आहूति दी। फूलों की होली खेली और राधा-कृष्ण के भक्तिमय भजनों के आनन्द में डूबे नजर आए। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि धर्मपाल सिंह व विशिष्ठ अतिथि ब्लॉक प्रमुख आशीष शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
समिति के सभी सदस्य ने वृद्धजनों संग हवन में भाग लिया। ट्रस्ट के अध्यक्ष विजय खन्ना, सचिव गोविन्द प्रसाद अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विनय सिंघल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुरारीप्रसाद अग्रवाल ने सभी वृद्धजनों को होली की खुभकामनाएं दीं और उन पर फूल बरसाए। इस अवसर पर मुख्य रूप से संतोष गुप्ता, योगेन्द्र सिंघल, डॉ. राधेश्याम जी, उमेश अग्रवाल, ताराचंद मित्तल, एसके अग्रवाल, रमेश त्यागी आदि उपस्थित थीं।
आश्रम में निशुल्क और बेहतरीन व्यवस्था सीनियर सिटीजन के लिए
हाथरस रोड उजरई कला स्थित 30 बीधा में फैले अनुभव निधि आश्रम में लगभग 500 सीनियर सिटीजन के रहने व खाने के लिए निशुल्क और बेहतरीन व्यवस्था है। वर्तमान में 55 लोग रह रहे हैं। बहुउद्देशीय हॉल के साथ आश्रम में फल व सब्जियों के पेड़ पौधे और गौशाला भी है, जिसे सीनियर सिटीजन को स्वच्छ व ताजा फल, सब्जियां, दूध उपलब्ध होने के साथ इस उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है कि उन्हें बोरियत महसूस न हो।