उत्तर प्रदेश

जिला पंचायत अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के समक्ष उठाई क्षेत्र की जल समस्या

रिहावली पर बांध बनने से जल समस्या का होगा समाधान

पूर्व विधायक डॉ राजेंद्र सिंह के साथ डॉ मंजू भदौरिया ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात

डॉ मंजू भदौरिया की मांगों पर मुख्यमंत्री ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन

आगरा/ लखनऊ। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ मंजू भदौरिया ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके लखनऊ स्थित कार्यालय पर मुलाकात की। पूर्व विधायक डॉ राजेंद्र सिंह के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के समक्ष आगरा की जल समस्या को रखा।

उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि आगरा में पांच नदियों के बहाव के बाद भी जल संकट बना हुआ है। यमुना, चंबल, किवाड़ , उटंगन और खारी नदी में पानी न होने की वजह से आगरा का जलस्तर दिन व दिन गिरता जा रहा है। उन्होंने कहा उटंगन के पंचांग पर बने बांध से पानी छोड़ने पर उटंगन नदी में भरपूर पानी रहेगा। आगरा की जल समस्या के समाधान के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि उटंगन नदी पर रिहावली में बांध बनाया जाए। डॉ मंजू भदौरिया ने मुख्यमंत्री आदित्यनाथ से कहा की शमशाबाद के राजकीय विद्यालय और फतेहाबाद के पशु चिकित्सालय में समुचित स्टाफ की नियुक्ति की जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री से जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों को त्वरित कराए जाने की भी मांग की।
पूर्व विधायक डॉ राजेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आगरा में यमुना रिवर फ्रंट के विकास के साथ यमुना में एसटीपी के समुचित संचालन की भी मांग उठाई। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि आगरा में बनने वाले बैराज के निर्माण कार्य में गति लाई जाए जिससे आगरा की बरसों पुरानी समस्या का समाधान हो सके।


जिला पंचायत अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक की मांगों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने मुख्यमंत्री से आगरा की विकास योजनाओं के साथ समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा की।