उत्तर प्रदेश

डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के छात्रों ने रूसी कविता पाठ प्रतियोगिता में रचा इतिहास


नई दिल्ली में आयोजित अखिल भारतीय प्रतियोगिता में हासिल किए शीर्ष तीन स्थान

नई दिल्ली/आगरा।  डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के छात्रों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और परिश्रम से विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। नई दिल्ली स्थित रूसी विज्ञान और संस्कृति केंद्र, रूसी दूतावास में 15 अप्रैल को आयोजित रूसी कविता पाठ प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के छात्रों ने पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त कर ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की।

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन MIR फाउंडेशन और मास्को पॉलीटेक विश्वविद्यालय, रूस के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। प्रतियोगिता में देशभर की प्रतिष्ठित संस्थाओं — जैसे जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (दिल्ली), दिल्ली विश्वविद्यालय, एमिटी विश्वविद्यालय (नोएडा), इलाहाबाद विश्वविद्यालय, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (मेरठ), और जामिया मिल्लिया इस्लामिया (नई दिल्ली) — से लगभग 80 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

अंबेडकर विश्वविद्यालय के विदेशी भाषा विभाग के छात्र समृद्धि, आकाश ठाकुर और गौरव भट्ट ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय के लिए गौरव का क्षण रचा। इन छात्रों का मार्गदर्शन रूसी भाषा के प्राध्यापक श्री अनुज गर्ग द्वारा किया गया, जो हाल ही में मास्को पॉलीटेक विश्वविद्यालय की शैक्षणिक यात्रा से लौटे हैं। उनकी इस यात्रा का उद्देश्य दोनों विश्वविद्यालयों के बीच अकादमिक सहयोग को सुदृढ़ करना था, जो शीघ्र ही एक औपचारिक समझौते का रूप लेने वाला है।

विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय संबंध प्रकोष्ठ के सचिव डॉ. प्रदीप वर्मा और संस्थान के निदेशक प्रो. प्रदीप श्रीधर ने छात्रों को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। कुलपति प्रो. आशु रानी ने भी विजयी छात्रों और विदेशी भाषा विभाग के सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके सतत योगदान की सराहना की।

यह उपलब्धि न केवल विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है, बल्कि यह युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है कि समर्पण, लगन और मार्गदर्शन के साथ कोई भी वैश्विक मंच पर सफलता प्राप्त कर सकता है।