देश विदेश

उमराह वीज़ा धारकों के लिए सऊदी अरब की सख़्त चेतावनी – 29 अप्रैल से पहले देश छोड़ने का निर्देश

रियाद: सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्रालय ने उमराह वीज़ा पर आने वाले विदेशी यात्रियों को स्पष्ट चेतावनी जारी की है कि वे अपने वीज़ा की अवधि समाप्त होने से पहले अपने देश लौट जाएं। मंत्रालय ने कहा है कि उमराह वीज़ा केवल उमराह के लिए मान्य होता है और इस वीज़ा पर हज करना सख़्त रूप से वर्जित है।

मंत्रालय ने ज़ोर देकर कहा है कि जो लोग उमराह वीज़ा की अवधि समाप्त होने के बावजूद देश में रुकते हैं, उन्हें कानूनी कार्यवाही और सज़ा का सामना करना पड़ेगा।

सऊदी गृह मंत्रालय की ओर से भी यह निर्देश जारी किया गया है कि उमराह वीज़ा पर आए सभी यात्रियों को 29 अप्रैल 2025 तक देश छोड़ना अनिवार्य है। इसके बाद ऐसे सभी यात्रियों का प्रवास अवैध माना जाएगा।

मंत्रालय ने यह भी साफ किया कि उमराह या विज़िट वीज़ा पर आने वाले किसी भी व्यक्ति को हज करने की अनुमति नहीं है। ऐसा करना कानून का उल्लंघन माना जाएगा और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।