मुंबई। बॉलीवुड निर्देशक अनुराग कश्यप एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। इस बार मामला ब्राह्मण समाज से जुड़ा है। प्रतीक गांधी और पत्रलेखा की आगामी फिल्म फुले को लेकर सेंसर बोर्ड की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुराग कश्यप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली थी, जो ब्राह्मण समाज को आहत कर गई। विवाद बढ़ने पर उनके खिलाफ मुंबई पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
अनुराग के बयान के बाद सोशल मीडिया पर जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि एक यूज़र को जवाब देते हुए अनुराग ने ब्राह्मण समाज के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा और कई संगठनों ने उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। भाजपा नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने इस मामले में एफआईआर की मांग करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी।
उलझते विवाद के बीच अनुराग कश्यप ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए सफाई दी और माफी मांगी। उन्होंने लिखा, “ये मेरी माफी है, उस पोस्ट के लिए नहीं जो मैंने किया, बल्कि उस एक लाइन के लिए जिसे संदर्भ से हटाकर पेश किया गया है और जिससे नफरत फैलाई जा रही है। मेरी कही बात वापस नहीं लूंगा, लेकिन अगर माफी चाहिए तो ये मेरी माफी है।”
उन्होंने आगे कहा, “मेरे परिवार, दोस्तों और सहयोगियों को मिल रही धमकियाँ कहीं ज़्यादा गंभीर हैं। ब्राह्मण समाज, औरतों को बक्श दो, इतने संस्कार तो शास्त्रों में भी हैं। आप कौन से ब्राह्मण हो, ये तय कर लो।”
यह पहली बार नहीं है जब अनुराग कश्यप किसी सामाजिक या राजनीतिक मुद्दे पर खुलकर बोले हों और विवादों में घिरे हों। उनके इस ताज़ा बयान ने एक बार फिर समाज और सिनेमा की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर बहस छेड़ दी है।
अब यह देखना बाकी है कि क्या यह मामला सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित रहेगा या कानूनी कार्रवाई का रूप लेगा।