उत्तर प्रदेशराजनीति

भाजपा पर हमला बोलते हुए डिंपल यादव ने कही बड़ी बातें

मैनपुरी। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने हाल ही में भारतीय जनता पार्टी और उसके नेताओं पर तीखे आरोप लगाए हैं। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए, जिसमें उन्होंने समाजवादी पार्टी पर “गुंडई” फैलाने का आरोप लगाया था, डिंपल यादव ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश में लगातार घटनाओं को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया जा रहा है। तालेग्राम की घटना का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि पहले दंगा भड़काने की साजिश रची गई और बाद में जब जांच हुई तो भाजपा के लोग ही इसमें संलिप्त पाए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का काम कर रही है।

वक्फ बोर्ड से जुड़े मुद्दे पर डिंपल यादव ने कहा कि मामला उच्चतम न्यायालय में लंबित है, ऐसे में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के आंदोलन की बात समझ से परे है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता सुप्रीम कोर्ट की प्रक्रिया पर सवाल उठाने जैसी टिप्पणी कर रहे हैं, जो सही नहीं है। समाजवादी पार्टी को न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर देश में जातीय संघर्ष की साजिश रचने के आरोप पर डिंपल यादव ने कहा कि आज समाज के हर वर्ग में असंतोष है। लोगों को राजनीतिक भागीदारी और आर्थिक समानता नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग आज भी संघर्ष कर रहे हैं, और यही वर्ग भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर बदलाव की दिशा में आगे बढ़ेंगे।

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के विवादित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए डिंपल यादव ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। लेकिन भाजपा बार-बार लोकतंत्र की मर्यादाओं को कमजोर करने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि देश को संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुसार चलाना चाहिए, न कि मनमानी से।