संपत्ति विवाद बना दोहरी हत्या की वजह, थाना शाहगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई
आगरा। थाना शाहगंज क्षेत्र में संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद ने एक दिल दहला देने वाली घटना का रूप ले लिया। शुक्रवार को एक दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जांच में खुलासा हुआ कि उन्हें खाने में जहर देकर मारा गया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मृतक युवती के पिता ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी बेटी और दामाद को पारिवारिक सदस्यों द्वारा प्रॉपर्टी और व्यापार में हिस्सेदारी देने से मना किया जा रहा था। उन्हें अक्सर धमकियां भी मिल रही थीं।
17 अप्रैल की सुबह मृतक के परिजनों को एक ऑडियो रिकॉर्डिंग प्राप्त हुई, जिसमें मृतकों ने बताया कि उन्हें खाने में कुछ जहरीला पदार्थ मिला है, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई है। जब तक परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना शाहगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 अप्रैल को एफआईआर दर्ज की और विशेष टीम का गठन किया। 20 अप्रैल को चारों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:
1. टीटू पुत्र स्व. कोकन लाल, निवासी अकबरी मस्जिद वाली गली, थाना शाहगंज
2. रामकुमार पुत्र स्व. कोकन लाल, वही पता
3. मृतका की मां
4. मृतका की भाभी
एफआईआर संख्या: 165/2025, धारा 103(1)/61(2) बीएनएस, थाना शाहगंज
जांच टीम में शामिल अधिकारी: प्रभारी निरीक्षक कुशलपाल सिंह, उपनिरीक्षक विमलेश सिंह, हेड कांस्टेबल योगेन्द्र पाल, कांस्टेबल अमन कुमार और महिला कांस्टेबल पूजा।
पुलिस कमिश्नरेट आगरा के नगर जोन मीडिया सेल ने घटना की पुष्टि की है और बताया कि मामले में विस्तृत जांच जारी है।