आगरा । आगरा पुलिस द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर संचालित “मिशन शक्ति अभियान” ताजमहल परिसर में निरंतर प्रभावी रूप से चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत ताजमहल पर आने वाली महिला पर्यटकों एवं छात्राओं को जागरूक किया जा रहा है।
सहायक पुलिस आयुक्त (ताज सुरक्षा) सैयद अरीब अहमद के निर्देश पर यह अभियान सक्रिय रूप से जारी है। प्रभारी निरीक्षक, थाना ताज सुरक्षा श्री तिलकराम भाटी के नेतृत्व में ताज सुरक्षा पुलिस के जवानों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है कि वे ताजमहल आने वाली हर महिला को नारी सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों से अवगत कराएं।
ताजमहल के पश्चिमी गेट पर तैनात क्विक रिस्पॉन्स टीम द्वारा महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (वीमेन पावर लाइन), 112 (यूपी पुलिस), 1930 (साइबर ठगी सहायता) आदि की जानकारी दी जा रही है। इसके अतिरिक्त भारतीय न्याय संहिता और नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत महिलाओं से जुड़े नए प्रावधानों की भी जानकारी दी जा रही है।
इस अभियान के अंतर्गत महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी ताजमहल पर आने वाली महिलाओं को न केवल सुरक्षा का भरोसा दे रहे हैं, बल्कि उन्हें सशक्त बनाने हेतु सरकार द्वारा चलाई जा रही लाभकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान कर रहे हैं।
आज ताजमहल भ्रमण पर आईं महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल और दिल्ली की महिला पर्यटकों को भी अभियान के अंतर्गत विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने ताज सुरक्षा पुलिस की सक्रियता और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी एवं कर्मचारी:
उपनिरीक्षक: शिवराज सिंह
मुख्य आरक्षी: दिलीप कुमार सिंह
आरक्षी: इंद्रजीत सिंह
महिला आरक्षी: लक्ष्मी देवी
“मिशन शक्ति अभियान” के माध्यम से ताज सुरक्षा पुलिस नारी सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को लगातार सुदृढ़ कर रही है।