महाराष्ट्र

“बैसाखी की रात – पंजाबी आइकन अवार्ड्स 2025” ने मुंबई में रच दिया सांस्कृतिक गौरव का इतिहास


चरण सिंह सपरा के नेतृत्व में आयोजित समारोह में बॉलीवुड सितारों और प्रतिष्ठित हस्तियों की जगमगाती उपस्थिति

मुंबई। सपनों के शहर मुंबई ने हाल ही में एक ऐसी रात का साक्षी बना जिसने संस्कृति, प्रतिभा और गौरव को एक साथ एक मंच पर लाकर अनोखा इतिहास रच दिया। अवसर था पंजाबी सांस्कृतिक विरासत बोर्ड द्वारा आयोजित “बैसाखी की रात – पंजाबी आइकन अवार्ड्स 2025” का, जिसका आयोजन श्री चरण सिंह सपरा के दूरदर्शी नेतृत्व में किया गया।

जी.एस. बावा / जी.एन. खालसा कॉलेज द्वारा प्रस्तुत इस समारोह ने उन पंजाबी व्यक्तित्वों को सम्मानित किया, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्टता की मिसाल कायम की है। समारोह की भव्यता और सांस्कृतिक गरिमा ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर बॉबी देओल को भारतीय सिनेमा में उनके दीर्घकालिक योगदान और हालिया पुनरुत्थान के लिए सम्मानित किया गया। रवीना टंडन को उनके सिनेमाई प्रभाव और कालातीत आकर्षण के लिए आइकन अवार्ड मिला। अंगद बेदी, ओंकार सिंह और संदीप बत्रा जैसे दिग्गजों को भी उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह की शोभा बढ़ाने पहुंचे राज बब्बर, गीता बसरा, सुशांत सिंह, मुकेश ऋषि, अनु मलिक, उपासना सिंह, रामजी गुलाटी, ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा सहित कई नामचीन हस्तियों ने समारोह की रौनक में चार चांद लगाए।

कार्यक्रम की मेज़बानी प्रसिद्ध प्रस्तोता सतिंदर सत्ती ने की, जिन्होंने अपने सधे हुए अंदाज़ से दर्शकों को बांधे रखा। वहीं, बॉलीवुड गायिका अफसाना खान की दमदार लाइव परफॉर्मेंस ने कार्यक्रम को ऊर्जावान समापन प्रदान किया।

पंजाबी सांस्कृतिक विरासत बोर्ड के अध्यक्ष चरण सिंह सपरा ने कहा, “यह आयोजन सिर्फ पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पंजाबी संस्कृति की जीवंतता, हमारी अटूट भावना और प्रेरणादायक व्यक्तित्वों के योगदान का उत्सव है।”

“बैसाखी की रात – पंजाबी आइकन अवार्ड्स 2025” ने एक बार फिर यह साबित किया कि पंजाबी संस्कृति की धड़कन सिर्फ पंजाब में नहीं, बल्कि मुंबई जैसे महानगरों में भी पूरे जोश और गर्व के साथ गूंजती है।