आगरा । ताजमहल भ्रमण पर आए फिरोजाबाद निवासी संतोष कुमार शर्मा की पत्नी और बेटी पश्चिमी गेट पर भीड़ में उनसे बिछड़ गईं। परिजनों से बिछड़ जाने पर उन्होंने परेशान होकर ताजमहल पश्चिमी गेट पर नियुक्त थाना ताज सुरक्षा पुलिस से संपर्क किया।
प्रभारी निरीक्षक तिलक राम भाटी के निर्देशन में तत्काल हरकत में आई पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, रेडियो अनाउंसमेंट और आरटी सेट संदेशों के जरिए अभियान चलाया। केवल 10 मिनट में महिला और बालिका को खोज निकाला गया और उन्हें उनके परिजनों से सकुशल मिला दिया गया।
इस कार्य में उपनिरीक्षक शिवराज सिंह, आरक्षी इंद्रजीत सिंह एवं महिला आरक्षी लक्ष्मी देवी की सराहनीय भूमिका रही।
परिवार ने आगरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई एवं सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि ताज सुरक्षा थाना द्वारा ताजमहल आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा के लिए एक विशेष व्यवस्था बनाई गई है, जिसके तहत प्रतिदिन बिछड़े हुए लोगों को परिजनों से मिलाने का कार्य सतत किया जा रहा है। यह पुलिस का एक प्रशंसनीय एवं जनसेवी कदम है।