आगरा।ताजमहल की पवित्र दीवारें इस 23 अप्रैल को एक नई कूटनीतिक कहानी की साक्षी बनने जा रही हैं। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेम्स डेविड वेंस (जेडी वेंस) अपने परिवार और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भारत दौरे पर आगरा पहुंच रहे हैं। ऐतिहासिक महत्व की इस यात्रा के स्वागत हेतु आगरा शहर में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
एयरपोर्ट से शिल्पग्राम तक 12 किमी में अभूतपूर्व स्वागत
खेरिया एयरपोर्ट से शिल्पग्राम तक के लगभग 12 किलोमीटर लंबे मार्ग को भव्य सजावट से संवारने की योजना है। दोनों ओर करीब 5,000 स्कूली बच्चे भारतीय तिरंगा और अमेरिकी ध्वज के साथ मेहमानों का स्वागत करेंगे। मार्ग के 15 स्थानों पर सांस्कृतिक मंच स्थापित किए जा रहे हैं, जहां मयूर नृत्य, कत्थक, लोकगीत व अन्य पारंपरिक प्रस्तुतियाँ भारत की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करेंगी।
परिवार सहित आएंगे उपराष्ट्रपति
उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के साथ उनकी पत्नी उषा वेंस, तीन बच्चे इवान, विवेक और मीराबेल, तथा अमेरिका प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी होंगे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र यूपी पुलिस और अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियाँ संयुक्त रूप से समन्वय में हैं। कुछ मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है, जबकि कुछ क्षेत्रों में आम जनता की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाई जाएगी।
ताजमहल सुबह से दोपहर 12 बजे तक आम पर्यटकों के लिए बंद
यात्रा के मद्देनज़र ताजमहल को सुबह से दोपहर 12 बजे तक पर्यटकों के लिए पूरी तरह से बंद रखा जाएगा। उपराष्ट्रपति वेंस और उनका परिवार ताजमहल में करीब एक घंटे का समय व्यतीत करेंगे। संपूर्ण यात्रा के दौरान सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी निगरानी रहेगी।
मुख्यमंत्री कर सकते हैं स्वागत
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं खेरिया एयरपोर्ट पर उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का स्वागत कर सकते हैं। हालांकि मुख्यमंत्री का अंतिम कार्यक्रम एक-दो दिन में तय होगा, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर तैयारियाँ चरम पर हैं।
डीएम और इंटेलिजेंस एजेंसियां मुस्तैद
आगरा के जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी खुद तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। सुरक्षा के लिहाज से विशेष बिंदुओं पर इंटेलिजेंस इनपुट्स के आधार पर अलग रणनीति तैयार की गई है।
भारत-अमेरिका रिश्तों में नया अध्याय
23 अप्रैल को ताजमहल की आभा में भारत और अमेरिका के द्विपक्षीय संबंधों की एक नई तस्वीर उभरने जा रही है। यह यात्रा दोनों देशों के बीच सहयोग, संस्कृति और मैत्री को एक नई ऊँचाई प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।