सोनभद्र। जनपद सोनभद्र में मिशन शक्ति फेज-05 के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे अभियान में बुधवार को पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग अभियान चलाया।

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में सभी थानों की महिला पुलिसकर्मियों एवं एंटी रोमियो स्क्वॉड की टीमों ने मंदिरों, बाजारों, स्कूलों, कॉलेजों और प्रमुख मार्गों पर भ्रमण कर महिलाओं और छात्राओं से संवाद किया। टीमों ने उन्हें सुरक्षा उपायों की जानकारी देते हुए आत्मरक्षा के लिए सजग रहने की अपील की।

इस दौरान छात्राओं और महिलाओं को यूपी पुलिस की विभिन्न सहायता सेवाओं के बारे में बताया गया, जैसे:
महिला पावर लाइन 1090
महिला हेल्पलाइन 181
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076
पुलिस आपातकालीन सेवा 112
चाइल्ड हेल्पलाइन 1098
स्वास्थ्य सेवा 102

एम्बुलेंस सेवा 108
पुलिस कर्मियों ने साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक करते हुए बताया कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन ठगी या धोखाधड़ी का शिकार होता है तो तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या 112 पर सूचना देनी चाहिए ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

सोनभद्र पुलिस का यह निरंतर प्रयास नारी सुरक्षा और सम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मिशन शक्ति के माध्यम से न सिर्फ महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग किया जा रहा है, बल्कि एक सुरक्षित और सशक्त समाज की नींव भी रखी जा रही है।
