बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य और कुलपति प्रो. आशु रानी ने किया संबोधित

आगरा, डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद खंदारी परिसर स्थित जे.पी. सभागार में भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) और विश्वविद्यालय की महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में महिला सम्मेलन – ब्रज संभाग का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार की बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. आशु रानी उपस्थित रहीं, जबकि समाजसेविका डॉ. रेणुका डंग ने मुख्य वक्ता के रूप में विचार साझा किए।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण से हुई। मुख्य अतिथियों का स्वागत शाल, माला और बैज भेंट कर किया गया।

अपने उद्बोधन में मंत्री बेबी रानी मौर्य ने बच्चों के संस्कारों में माँ की भूमिका को रेखांकित करते हुए बेटियों को शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने का आह्वान किया। उन्होंने दहेजमुक्त समाज के निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया और सती अनुसुईया व अहिल्याबाई होलकर जैसी महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा लेने की सलाह दी। साथ ही, महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे सुकन्या समृद्धि योजना एवं विधवा पेंशन योजना की जानकारी भी दी।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने महिलाओं के आर्थिक एवं शैक्षिक सशक्तिकरण के लिए विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने बताया कि माननीय कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय महिला शिक्षा को प्राथमिकता दे रहा है। कुलपति ने MSME नीति के तहत घरेलू उद्योगों के माध्यम से महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. रेणुका डंग ने लैंगिक समानता और महिलाओं के सामाजिक योगदान पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने भारतीय मजदूर संघ द्वारा कोविड-19 संकट के दौरान किए गए सराहनीय कार्यों का भी उल्लेख किया। साथ ही, महिलाओं के स्वास्थ्य के महत्व पर बल देते हुए स्वस्थ महिला को मजबूत राष्ट्र की नींव बताया।
महिला प्रकोष्ठ की समन्वयक प्रो. विनीता सिंह ने महिला प्रकोष्ठ की गतिविधियों एवं महिलाओं के सशक्तिकरण में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संयोजन बीएमएस की अध्यक्ष श्रीमती पप्पी धनकर और प्रो. विनीता सिंह ने किया तथा संचालन सेंट जोन्स कॉलेज की प्रो. रूचि अग्रवाल ने किया।
समापन अवसर पर श्रीमती पप्पी धनकर ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की शिक्षिकाएं डॉ. नीलम यादव, डॉ. रत्ना पाण्डेय, डॉ. राजीव वर्मा, शोधकर्ता कनु प्रिया, सफलता, किसन दूबे, अनिल सहित मजदूर संघ के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बीएमएस की 400 से अधिक महिला सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के अंत में, हाल ही में पहलगांव में हुए आतंकी हमले में मारे गए 26 भारतीय नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।