एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना, सोमवार सुबह से कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित
आगरा। श्रावण मास के तीसरे सोमवार 17 अगस्त को कैलाश मेले में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आगरा यातायात पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक प्लान लागू किया है। कैलाश मंदिर समेत शहर के विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रविवार शाम चार बजे से सोमवार को कार्यक्रम समाप्त होने तक भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू रहेगा।
डीसीपी यातायात सोनम कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मथुरा और फिरोजाबाद की ओर से आने-जाने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा। बाहरी मार्गों के साथ-साथ शहर के अंदर भी कई प्रमुख रास्तों पर यातायात में बदलाव किया गया है।

दिल्ली से आने वाले भारी वाहनों का बदलेगा रूट
दिल्ली से आगरा की ओर आने वाले भारी वाहनों को थाना रिफाइनरी क्षेत्र के टाउनशिप चौराहा (स्वर्ण जयंती अस्पताल के सामने) से गोकुल बैराज, यमुना एक्सप्रेसवे सहित अन्य वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
हाथरस से आगरा की ओर आने वाले भारी वाहनों को सिकंदराराऊ या सादाबाद होते हुए मथुरा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
एनएच-19 पर इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
रैपुरा जाट दक्षिणी बाइपास से कुबेरपुर कट के बीच एनएच-19 पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
- फिरोजाबाद से मथुरा जाने वाले भारी वाहन कुबेरपुर कट से यमुना एक्सप्रेसवे होकर जाएंगे।
- मथुरा से फिरोजाबाद जाने वाले भारी वाहन रैपुरा जाट, दक्षिणी बाइपास, रोहता नहर चौराहा, दिगनेर मार्ग और इनर रिंग रोड से होकर जाएंगे।
- हाथरस से फिरोजाबाद जाने वाले वाहन खंदौली-मुड़ी चौराहा-एत्मादपुर होते हुए एनएच-19 का इस्तेमाल करेंगे।
सिकंदरा और कैलाश मोड़ पर भी रहेगा ट्रैफिक प्रतिबंध
सिकंदरा मंडी के ऊपर एनएच-19 से सिकंदरा चौराहे की ओर वाहनों को नहीं आने दिया जाएगा। वाहनों को सर्विस रोड, मंडी अंडरपास और शास्त्रीपुरम पुल की ओर भेजा जाएगा।
एनएच-19 के कैलाश मोड़ से कैलाश मंदिर तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। सिकंदरा मंडी के नीचे सर्विस रोड से सिकंदरा चौराहे की ओर जाने वाले वाहनों पर भी रोक रहेगी।
कारगिल पेट्रोल पंप की ओर से सिकंदरा चौराहे की तरफ भी वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा।
हल्के वाहनों के लिए भी बदले रहेंगे रास्ते
फिरोजाबाद रामबाग से मथुरा जाने वाले हल्के वाहन गुरुद्वारा गुरु का ताल, गुरुद्वारा आरओबी, करकुंज, कारगिल पेट्रोल पंप, सिकंदरा आरओबी के नीचे और यूपीएसआईडीसी रोड से होकर जाएंगे।
वहीं मथुरा से फिरोजाबाद, अलीगढ़ और रामबाग की ओर आने वाले हल्के वाहन शास्त्रीपुरम आरओबी, यूपीएसआईडीसी रोड, सिकंदरा आरओबी, कारगिल पेट्रोल पंप, करकुंज, भावना टावर और गुरुद्वारा आरओबी होकर जाएंगे।
एनएच-19 गुरुद्वारा से सिकंदरा चौराहे की ओर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। भावना एस्टेट तिराहे से ओवरब्रिज होकर गुरुद्वारा की ओर जाने वाले वाहनों पर भी रोक रहेगी। केके नगर कट से कोई भी वाहन एनएच-19 पर नहीं आ सकेगा।
सोमवार सुबह चार बजे से शहर के अंदर भी कड़े प्रतिबंध
कैलाश मेले के मद्देनजर सोमवार सुबह चार बजे से जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कार्यक्रम समाप्त होने तक भोगीपुरा से पृथ्वीनाथ फाटक तक सभी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
इसी समय से वायु विहार की ओर से किसी भी चार पहिया वाहन को पृथ्वीनाथ फाटक की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी।
सोमवार सुबह चार बजे से भारी वाहन और रोडवेज बसें एनएच-19 से वाटर वर्क्स चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगी।
इसके अलावा एकता थाने से राजेश्वर मंदिर तथा राजपुर चुंगी चौराहे से राजेश्वर मंदिर की ओर भी सभी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
श्रद्धालुओं से अपील
यातायात पुलिस ने कैलाश मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आम वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करें और यातायात पुलिस के निर्देशों के अनुसार ही आवागमन करें। मेले के दौरान भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें।
कैलाश मेले के चलते रविवार शाम चार बजे से सोमवार को कार्यक्रम समाप्त होने तक आगरा में कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी। ऐसे में घर से निकलने से पहले अपना रूट जरूर जांच लें, ताकि जाम और परेशानी से बचा जा सके।
