आगरा/बाह। चंबल नदी में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मध्यप्रदेश के भिंड स्थित नगरा घाट से बाह के कैंजरा घाट की ओर आ रहे स्टीमर का अचानक डीजल खत्म हो गया। तेज बहाव के चलते स्टीमर नदी की धारा में बहने लगा। स्टीमर पर करीब 10-12 मोटरसाइकिलों के साथ लगभग 50 यात्री सवार थे।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, डीजल खत्म होने के बाद स्टीमर करीब आठ किलोमीटर तक चंबल की तेज धारा में बहता रहा। इस दौरान यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और सभी दहशत में एक-दूसरे को संभालते नजर आए।
टीले से टकराकर रुका स्टीमर
बताया गया कि मध्यप्रदेश सीमा में गुढ़ा गांव के पास एक टीले से टकराने के बाद स्टीमर रुक गया। इसके बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बासौनी पुलिस भी सतर्क हो गई। थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल ने बताया कि स्टीमर मध्यप्रदेश की ओर से आ रहा था और घटना मध्यप्रदेश क्षेत्र में हुई है। पुलिस द्वारा यात्रियों को सुरक्षित निकालने और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
तेज बहाव के बीच सुरक्षा पर उठे सवाल
चंबल नदी में इन दिनों पानी का बहाव काफी तेज है। ऐसे में स्टीमर का बीच नदी में डीजल खत्म होकर करीब आठ किलोमीटर तक बहना गंभीर लापरवाही की ओर इशारा करता है। इस घटना ने स्टीमर संचालन, ईंधन की व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गनीमत रही कि स्टीमर एक टीले से टकराकर रुक गया और बड़ा हादसा टल गया। यदि तेज बहाव के बीच स्टीमर किसी गहरे हिस्से में पहुंच जाता, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।
