आगरा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जाटव समाज उत्थान समिति के तत्वावधान में बाबू जगजीवन राम पार्क में श्रद्धांजलि एवं ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद किया। सभी ने देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर शहीद शुभम गुप्ता की झांकी पर समिति के सदस्यों एवं उपस्थित लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि देश की रक्षा और आजादी के लिए वीरों द्वारा दिए गए बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम और शहीदों के योगदान से परिचित कराना समाज की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में जाटव समाज उत्थान समिति के देवकीनंदन सोन, बंगाली बाबू सोनी, अनिल कुमार संत, रूपसिंह सोनी, सेवती प्रसाद निम, सत्य प्रकाश, विनोद आनंद, महेंद्र सिंह, सूरजभान भाटिया, राजेंद्र भारती, गया प्रसाद, मोहन मुंशी कैम, राजू पेंटर, अतुल कुमार एवं निरंजन सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशभक्ति के नारों के साथ वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत रहा। उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की प्रगति और सामाजिक एकता के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों को याद करने और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का दिन भी है।
कार्यक्रम का समापन अमर शहीदों को नमन और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।
