आगरा। सावन के तीसरे सोमवार को शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में होने वाले जलाभिषेक, पूजा-अर्चना और कैलाश मंदिर पर लगने वाले मेले को देखते हुए आगरा की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस की ओर से जारी डायवर्जन प्लान के अनुसार यह व्यवस्था 16 अगस्त की शाम 4 बजे से शुरू होकर 17 अगस्त को कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगी।
इस दौरान शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से गुजारा जाएगा। यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने की अपील की है।
बाहरी मार्गों पर भी लागू रहेगा डायवर्जन
1. दिल्ली से आगरा: दिल्ली की ओर से आने वाले भारी वाहनों को मथुरा पुलिस टाउनशिप चौराहा से डायवर्ट कर गोकुल बैराज, यमुना एक्सप्रेस-वे और अन्य वैकल्पिक मार्गों से भेजेगी।
2. हाथरस से आगरा: हाथरस की ओर से आने वाले भारी वाहनों को सिकंदराराऊ अथवा सादाबाद के रास्ते मथुरा की ओर भेजा जाएगा।
3. एनएच-19: रैपुरा जाट दक्षिणी बाईपास से कुबेरपुर कट के बीच भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
4. फिरोजाबाद से मथुरा: भारी वाहनों को कुबेरपुर कट से यमुना एक्सप्रेस-वे होकर भेजा जाएगा।
5. मथुरा से फिरोजाबाद: वाहनों को रैपुरा जाट, दक्षिणी बाईपास, रोहत नहर चौराहा, दिगनेर मार्ग और इनर रिंग रोड से गुजारा जाएगा।
6. फिरोजाबाद से ग्वालियर और जयपुर: भारी वाहनों के लिए कुबेरपुर कट, इनर रिंग रोड, दिगनेर पुलिया, रोहत नहर सहित अन्य वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
शहर में भारी वाहनों की नो एंट्री
रोहत नहर चौराहा, पथौली नहर चौराहा, एनएच-19, रुनकता से कुबेरपुर कट, एत्माद्दौला, खंदौली, रामबाग, तोरा चौकी, एकता चौकी और मलपुरा समेत अन्य प्रवेश मार्गों से भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
आंतरिक यातायात व्यवस्था के तहत सिकंदरा मंडी के ऊपर एनएच-19 से सिकंदरा चौराहे की ओर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
इसके अलावा कैलाश मोड़ से कैलाश मंदिर तक सभी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। कारगिल पेट्रोल पंप से सिकंदरा चौराहे की ओर भी वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।
सुबह 4 बजे से कई मार्गों पर प्रतिबंध
17 अगस्त को सुबह 4 बजे से जलाभिषेक और पूजा-अर्चना कार्यक्रम समाप्त होने तक कई मार्गों पर चार पहिया और बड़े वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
- भोगीपुरा से पृथ्वीनाथ फाटक तक चार पहिया एवं बड़े वाहन नहीं जा सकेंगे।
- वायु विहार से पृथ्वीनाथ फाटक की ओर चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
- एनएच-19 से वाटर वर्क्स चौराहे की ओर भारी वाहन और रोडवेज बसें नहीं आ सकेंगी।
- एकता थाना और राजपुर चुंगी चौराहे से राजेश्वर मंदिर की ओर चार पहिया एवं दोपहिया वाहनों का आवागमन कार्यक्रम समाप्ति तक प्रतिबंधित रहेगा।
रात 11 बजे से नहीं खुलेगी नो एंट्री
यातायात पुलिस के अनुसार 16 और 17 अगस्त की रात 11 बजे से महानगर आगरा में खुलने वाली नो एंट्री नहीं खोली जाएगी। यह व्यवस्था रात के समय भी जारी रहेगी।
इसके साथ ही 16 अगस्त शाम 4 बजे से 18 अगस्त को कार्यक्रम समाप्ति तक पहले से जारी किए गए नो एंट्री पास और अनुमति पत्र निरस्त रहेंगे।
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि सावन के तीसरे सोमवार को मंदिरों की ओर जाते समय डायवर्जन प्लान का पालन करें और अनावश्यक जाम से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें।
