रामपुर। दो पैन कार्ड मामले में रामपुर जेल में 10 वर्ष की सजा काट रहे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद आजम खान की मुश्किलें बढ़ती नज़र आ रही हैं। आयकर विभाग के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी आज़म ख़ान के ख़िलाफ़ कार्रवाई तेज कर दी है।
बुधवार सुबह ईडी की टीमों ने रामपुर, सहारनपुर और दिल्ली में करीब 10 ठिकानों पर छापेमारी की। रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी में भी मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले की जांच के तहत कार्रवाई की गई।
बताया जा रहा है कि आजम खान से जुड़े जौहर ट्रस्ट पर विश्वविद्यालय के निर्माण और अन्य गतिविधियों में खर्च हुई बड़ी रकम का पूरा ब्योरा आयकर विभाग को उपलब्ध नहीं कराने का आरोप है। जांच एजेंसियों को विश्वविद्यालय के निर्माण में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर धन के इस्तेमाल को लेकर संदेह है।
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जांच तेज़
ईडी की यह कार्रवाई कथित मनी लॉन्ड्रिंग और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामलों की जांच का हिस्सा बताई जा रही है। छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी की टीमों ने दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की पड़ताल की।
फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि एजेंसी को छापेमारी के दौरान क्या महत्वपूर्ण दस्तावेज या अन्य साक्ष्य मिले हैं।
आजम खान लंबे समय से विभिन्न कानूनी मामलों का सामना कर रहे हैं और उनके खिलाफ आयकर विभाग समेत अन्य जांच एजेंसियों की कार्रवाई भी चल रही है।
