कॉमेडी और फैंटेसी के नए अंदाज में नजर आएंगी यामी गौतम, दशहरा पर सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री यामी गौतम एक बार फिर अपने नए अंदाज से दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। गंभीर और दमदार भूमिकाओं के बाद अब यामी एक अनोखी कॉमेडी-फैंटेसी फिल्म ‘नई नवेली’ में मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी। फिल्म का मोशन पोस्टर रिलीज कर दिया गया है, जिसे सोशल मीडिया पर दर्शकों की ओर से खूब पसंद किया जा रहा है।
अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और आनंद एल राय के प्रोडक्शन हाउस कलर येलो ने फिल्म का मोशन पोस्टर जारी किया है। बालाजी मोहन के निर्देशन में बन रही इस फिल्म की कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है।
दुल्हन के अवतार में दिखीं यामी
मोशन पोस्टर में यामी गौतम लाल साड़ी पहने दुल्हन के रूप में नजर आ रही हैं। हालांकि, उनका यह ब्राइडल लुक बिल्कुल सामान्य नहीं है। पोस्टर में यामी एक राक्षस जैसे नजर आने वाले किरदार का कपड़े से गला घोंटती दिखाई देती हैं।
यामी का यह मजेदार और अनोखा अंदाज फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रहा है। सोशल मीडिया पर मोशन पोस्टर को लेकर फैंस अपनी प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं।
दशहरा पर रिलीज होगी ‘नई नवेली’
‘नई नवेली’ 16 अक्टूबर 2026 को दशहरा के खास मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का निर्माण आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा कर रहे हैं, जबकि इसका संगीत जी. वी. प्रकाश कुमार ने तैयार किया है।
फिल्म में यामी गौतम को पहली बार इस तरह के कॉमेडी और फैंटेसी अवतार में देखने के लिए उनके फैंस खासे उत्साहित हैं। अब देखना होगा कि उनका यह नया अंदाज बड़े पर्दे पर दर्शकों का कितना मनोरंजन करता है।
