बेतिया। एनएच-727 के बेतिया-लौरिया मार्ग पर बसवरिया और पराउटोला के बीच शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। गोरखपुर से बेतिया जा रही शाही बस ने सड़क किनारे छठिहार समारोह के दौरान ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को रौंद दिया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, दो लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि तीन घायलों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जाता है कि धर्मेंद्र दुबे के घर शुक्रवार को छठिहार समारोह का आयोजन किया गया था। उनका घर एनएच-727 के किनारे स्थित है। समारोह के दौरान घर के बाहर ऑर्केस्ट्रा का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। आसपास के लोग सड़क किनारे खड़े होकर कार्यक्रम देख रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार शाही बस ने वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय बेतिया की ओर से गैस सिलेंडर लदा एक ट्रक आ रहा था, जबकि लौरिया की ओर से शाही बस बेतिया की तरफ जा रही थी। बताया जा रहा है कि बस की रफ्तार काफी तेज थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
