चंडीगढ़ : शेर-ए-पंजाब टी20 लीग 2026 का आगाज 30 अगस्त से चंडीगढ़ के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में होगा। छह टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। लीग में पंजाब के कई युवा और प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। फाजिल्का फाल्कन्स की कमान भारतीय कप्तान शुभमन गिल संभालेंगे।
गिल ने टीम की कप्तानी को लेकर कहा कि, “हमारे पास प्रतिभाशाली और रोमांचक खिलाड़ियों का समूह है। मैं टीम के साथ काम करने को लेकर उत्सुक हूं। यह हम सभी के लिए एक-दूसरे से सीखने और अच्छा क्रिकेट खेलने का शानदार मौका होगा।”
शुभमन गिल ने पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) की ओर से लीग के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि, “युवा और प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को अच्छे खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने, अनुभव हासिल करने और अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलता है। उम्मीद है कि कई खिलाड़ी इस टूर्नामेंट को बड़े अवसरों की ओर बढ़ने के लिए एक सीढ़ी के रूप में इस्तेमाल करेंगे।”
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लंबे समय से खेल रहे गिल अपने अनुभव को टीम के युवा खिलाड़ियों के साथ साझा करने के लिए भी तैयार हैं। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी क्षमता पर भरोसा रखना और दबाव की स्थिति में शांत रहना बेहद जरूरी है। गिल ने कहा कि, “मैं युवा प्रतिभाओं को खेल को और बेहतर तरीके से समझने में मदद करना चाहता हूं। इसमें परिस्थितियों को पढ़ना, सही फैसले लेना और दबाव से निपटना शामिल है। ये चीजें अनुभव के साथ आती हैं। अगर मैं अपने अनुभव से सीखी बातें उनके साथ साझा कर पाता हूं तो यह मेरे लिए भी अच्छा अवसर होगा।”
फाजिल्का फाल्कन्स की नजर जहां ट्रॉफी जीतने पर होगी, वहीं गिल के लिए लीग की सफलता का मतलब इससे कहीं ज्यादा है। उन्होंने आगे कहा कि, “बेशक हमारा लक्ष्य ट्रॉफी जीतना होगा, लेकिन मेरे लिए सफलता यह भी होगी कि हमारी टीम के युवा खिलाड़ियों को टूर्नामेंट के दौरान आगे बढ़ते और सीखते हुए देखा जाए।”
शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में पंजाब की उभरती प्रतिभाओं को बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाने का मौका मिलेगा। ऐसे में भारतीय कप्तान शुभमन गिल की कप्तानी फाजिल्का फाल्कन्स के अभियान को अनुभव के साथ-साथ नई ऊर्जा भी देगी।
