ओरिएंटेशन डे पर नवागत छात्र-छात्राओं का हुआ भव्य स्वागत
आगरा। सिकंदरा स्थित डॉ. एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अतुल्य भारत कल्चरल सेंटर में सत्र 2026-27 के नए छात्र-छात्राओं के स्वागत के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीबीए, बीसीए, बी.कॉम, बीएससी बायोटेक्नोलॉजी, बीबीए लॉजिस्टिक्स तथा बीएससी हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म ऑपरेशंस पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत बीबीए, बीसीए और बी.कॉम के लगभग 600 नवागत विद्यार्थियों के स्वागत से हुई। इस दौरान विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, सुविधाओं, नियमों तथा भविष्य में रोजगार के अवसरों से परिचित कराया गया। संस्थान की ओर से बताया गया कि जिन विद्यार्थियों ने अन्य संस्थानों में वेब रजिस्ट्रेशन कराया है, लेकिन अभी प्रवेश नहीं लिया है, वे अगले कुछ दिनों तक डॉ. एमपीएस कॉलेज में प्रवेश ले सकते हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्रुप के चेयरपर्सन स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह, डॉ. अनूप कुमार गोयल, डॉ. विक्रान्त शास्त्री तथा डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्या राखी जैन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर चेयरपर्सन स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह ने विद्यार्थियों को ‘जीवन का उद्देश्य’ विषय पर प्रेरक संबोधन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में नई ऊंचाइयां हासिल करने के साथ-साथ अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने नवागत विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्थान के विभिन्न पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार के लिए तैयार करते हैं और इनके माध्यम से रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।
निदेशक अकादमिक डॉ. विक्रान्त शास्त्री ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, उपलब्धियों, सुविधाओं और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा के लिए डॉ. एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस को चुनकर सही निर्णय लिया है। संस्थान विद्यार्थियों के इस विश्वास पर खरा उतरते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
निदेशक प्रशासनिक डॉ. अनूप कुमार गोयल ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने संस्थान से शिक्षा प्राप्त कर चुके विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए नवागत विद्यार्थियों को भी उनके पदचिह्नों पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संस्थान के नियमों और व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए कहा कि विद्यार्थियों के प्रशिक्षण और हुनर को निखारने के लिए संस्थान का पूरा स्टाफ सदैव तत्पर रहता है।
कार्यक्रम का संचालन योगी चाहर एवं साक्षी वार्ष्णेय ने किया। डीन मीडिया रिलेशंस डॉ. प्रवल प्रताप सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य और रोजगार के लिए संस्थान में विशेष रूप से तैयार किया जाता है। उन्होंने कहा कि संस्थान के विद्यार्थी देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस अवसर पर डीन एडमिनिस्ट्रेशन चन्द्रशेखर, डीन फाइनेंस संजय जैन, डीन मार्केटिंग संदीप सक्सेना, डीन होटल मैनेजमेंट एंड टूरिज्म हिमांशु आर्या, डीन सीएस डॉ. आमेन्द्र सिंह, मैनेजमेंट विभागाध्यक्ष संजू कुमार, बायोटेक्नोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. खालिद हुसैन, ग्रुप एचआर हेड काव्या सिंह सहित संस्थान का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
