आगरा, समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत जनपद आगरा के परिषदीय, राजकीय, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण एवं यंत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। एलिम्को, कानपुर के सहयोग से संबंधित विकासखंडों में मापन शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि दिव्यांग बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने से पहले उनका मापन एवं आवश्यकताओं का आकलन किया जाएगा। इसके लिए विकासखंडवार शिविर निर्धारित किए गए हैं।
विकासखंडवार मापन शिविर
- जगनेर: 27 अगस्त 2026
- पिनाहट: 29 अगस्त 2026
- बरौली अहीर: 31 अगस्त 2026
- बिचपुरी: 1 सितंबर 2026
सभी मापन शिविर संबंधित बीआरसी पर आयोजित होंगे।
मापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित एवं पात्र दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए वितरण शिविर भी विकासखंडवार निर्धारित किए गए हैं।
नवंबर में होगा उपकरणों का वितरण
- जगनेर: 2 नवंबर 2026
- पिनाहट: 3 नवंबर 2026
- बरौली अहीर: 4 नवंबर 2026
- बिचपुरी: 5 नवंबर 2026
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने बच्चों को मापन शिविर में अवश्य लेकर पहुंचें, ताकि उनकी आवश्यकता का सही आकलन कर उपयोगी सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा सकें।
ये दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
मापन शिविर में आने वाले दिव्यांग बच्चों के लिए निम्न दस्तावेज साथ लाना आवश्यक होगा:
- आधार कार्ड की छायाप्रति
- दिव्यांग प्रमाण पत्र/यूडीआईडी कार्ड की छायाप्रति
- आय प्रमाण पत्र
- एक पासपोर्ट साइज फोटो
संबंधित विद्यालयों एवं अभिभावकों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर प्रक्रिया में सहयोग करने का अनुरोध किया गया है।
स्रोत: जिला सूचना कार्यालय, आगरा
