आगरा। थाना डौकी पुलिस एवं सर्विलांस सेल पूर्वी जोन की संयुक्त टीम ने छिनैती की घटना का खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल फोन, 1,400 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे वादी अपने घर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात व्यक्तियों ने उसका मोबाइल फोन और 9,500 रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गए। मामले में थाना डौकी पर मुकदमा अपराध संख्या 165/26, धारा 304(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।
घटना के खुलासे और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीमों का गठन किया गया। इसी क्रम में डौकी पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मढ़ी नहर की पुलिया के पास से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शिवम पुत्र मुकेश कुमार, निवासी ऊचा गांव थाना शमशाबाद, नागेन्द्र उर्फ नन्दू पुत्र सुमन सिंह, निवासी बड़ा गांव बाना थाना शमशाबाद तथा सनी चौहान पुत्र पोहप सिंह, निवासी क्षेत्रीय कॉलोनी, आगरा रोड थाना शमशाबाद, कमिश्नरेट आगरा के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल, 1,400 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सुनीत शर्मा, प्रभारी सर्विलांस सेल पूर्वी जोन सचिन तोमर, उपनिरीक्षक अरविन्द पिलानिया, सौरभ सिंह चन्देल, शुभम कुमार, अभिषेक तोमर समेत सर्विलांस सेल एवं थाना डौकी के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
