चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने शुक्रवार को चेन्नई स्थित पुझल केंद्रीय कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल में कैदियों को उपलब्ध कराई जा रही भोजन, चिकित्सा, बुनियादी सुविधाओं और पुनर्वास व्यवस्था का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने कैदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से जेल प्रशासन से जुड़ी व्यवस्थाओं और कैदियों के लिए संचालित सुधार एवं पुनर्वास कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
तमिलनाडु सरकार के आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने पुझल केंद्रीय कारागार-I के एकांतवास वार्ड, मुलाकात कक्ष, अस्पताल, नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र, कक्षाओं, पुस्तकालय और उन्नत कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जेल के उच्च सुरक्षा ब्लॉक और फांसी क्षेत्र का भी जायजा लिया। उन्होंने जेल परिसर में स्थित पुलिस स्टेशन और विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री के औचक निरीक्षण को जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली, कैदियों की सुविधाओं और उनके पुनर्वास कार्यक्रमों की जमीनी स्थिति जानने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
— टाइम्स ऑफ ताज
