‘कानून-व्यवस्था इतनी लचर कैसे हो गई?’ सपा प्रमुख ने पुलिस और सरकार पर उठाए गंभीर सवाल, बोले- न्याय होना चाहिए
लखनऊ/ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी अपने बयान में घटना को बेहद भयावह और चिंताजनक बताया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि ग्रेटर नोएडा में अल्पसंख्यक समुदाय की छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना बेहद रोंगटे खड़े कर देने वाली है। इस घटना ने प्रदेशभर में बेटियों की सुरक्षा को लेकर माता-पिता के मन में भय पैदा कर दिया है।
‘अपराधियों में सत्ता का भय क्यों नहीं?’
सपा प्रमुख ने अपने बयान में प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर ऐसी स्थिति कैसे पैदा हो गई कि अपराधियों में सत्ता में बैठे लोगों और कानून का भय समाप्त होता जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह सत्ता से जुड़े लोगों के अपराधों को दबाने और छिपाने की कोशिशें की जा रही हैं, उससे दूसरे अपराधियों का भी मनोबल बढ़ रहा है।
अखिलेश यादव ने अपने बयान में भ्रष्टाचार और पुलिस व्यवस्था को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार का दायरा इतना बढ़ गया है कि पुलिस भी इसकी चपेट में आ गई है। उनका आरोप है कि कुछ भ्रष्ट पुलिस अधिकारी अपराधियों के साथ मिलीभगत कर उनके अपराधों को संरक्षण देने का काम कर रहे हैं।
ग्रेटर नोएडा की घटना से मचा हड़कंप
गौरतलब है कि ग्रेटर नोएडा के हल्दौनी गांव में छह वर्षीय बच्ची 28 अगस्त को लापता हुई थी। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू की और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस को बच्ची को एक व्यक्ति के साथ जाते हुए देखा गया। बाद की फुटेज में आरोपी कथित तौर पर बोरी लेकर जाता हुआ दिखाई दिया।
पुलिस ने मामले में 32 वर्षीय आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को हथियार बरामद करने के लिए ले जाया गया था, जहां उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध पिस्तौल, कारतूस और अन्य सामान बरामद किए जाने की बात कही है।
घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल रहा। बच्ची के शव को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर विरोध भी किया, जिसके बाद पुलिस और पीएसी की तैनाती की गई।
अखिलेश यादव ने की कड़ी निंदा
अखिलेश यादव ने इस पूरी घटना को ‘बेहद निंदनीय’ बताते हुए सरकार से बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अपराधी को राजनीतिक या पुलिस संरक्षण नहीं मिलना चाहिए और अपराधियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए।
सपा प्रमुख ने अपने बयान के अंत में जोर देते हुए कहा कि इस मामले में न्याय होना चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए।
यह मामला अब कानून-व्यवस्था के साथ-साथ पुलिस कार्रवाई को लेकर भी राजनीतिक बहस का विषय बन गया है।
