ताजमहल के टिकट विंडो के पास परिजनों से बिछड़ गई थी बच्ची, सीसीटीवी और रेडियो अनाउंसमेंट से मिली सफलता
आगरा। ताजमहल देखने आगरा पहुंचे एक परिवार की दो वर्षीय बच्ची भीड़ में अपने माता-पिता से बिछड़ गई। बच्ची के रोने की सूचना मिलने के बाद ताज सुरक्षा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए करीब 30 मिनट के भीतर उसे सकुशल उसके माता-पिता से मिला दिया।
जानकारी के मुताबिक, ताजनगरी फेस-1, फतेहाबाद रोड से फहीम अब्बास अपने परिवार के साथ ताजमहल देखने पहुंचे थे। ताजमहल की टिकट विंडो के पास टिकट लेते समय उनकी दो वर्षीय बेटी फरवा भीड़ में परिजनों से अलग हो गई। बच्ची अन्य पर्यटकों के साथ प्रवेश की लाइन की ओर चली गई। कुछ देर बाद जब उसे अपने माता-पिता दिखाई नहीं दिए तो वह रोने लगी।
बच्ची के रोने की सूचना पश्चिमी गेट पर ड्यूटी पर तैनात थाना ताज सुरक्षा पुलिस के उप निरीक्षक शिवराज सिंह को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी बच्ची को अपने साथ लेकर परिजनों की तलाश में जुट गए।
प्रभारी निरीक्षक ताज सुरक्षा तिलक राम भाटी के निर्देशन में पुलिस टीम ने ताजमहल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही रेडियो अनाउंसमेंट कराया गया और आर-सेट मैसेज के माध्यम से सभी सुरक्षा बिंदुओं को बच्ची के संबंध में सूचना दी गई।
पुलिस की तत्परता और समन्वित प्रयासों का नतीजा रहा कि करीब 30 मिनट के अंदर बच्ची के माता-पिता को खोज लिया गया। इसके बाद बच्ची को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
अपनी बेटी को सकुशल पाकर पिता फहीम अब्बास ने आगरा पुलिस और ताज सुरक्षा पुलिस की तत्परता एवं सहायता के लिए आभार व्यक्त किया।
पुलिस टीम में शामिल रहे
- उप निरीक्षक शिवराज सिंह
- उप निरीक्षक सतीश कुमार
- महिला मुख्य आरक्षी शालिनी शर्मा
- आरक्षी शुभम अहलावत
ताजमहल जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर पुलिस की इस तत्परता ने एक बार फिर साबित किया कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ पर्यटकों की सहायता के लिए पुलिसकर्मी लगातार सक्रिय रहते हैं।
