नोएडा जाने के लिए बस में बैठी थी किशोरी, आरोप है कि करीब 47 किलोमीटर तक दरिंदगी का शिकार होती रही; कश्मीरी गेट के पास छोड़कर फरार हुए आरोपी
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में एक 16 वर्षीय 11वीं कक्षा की छात्रा के साथ चलती स्लीपर बस में सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बस चालक और कंडक्टर ने किशोरी को नोएडा सेक्टर-63 पहुंचाने का झांसा देकर बस में बैठाया और बाद में उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद दोनों आरोपी उसे कश्मीरी गेट के पास रिंग रोड पर छोड़कर फरार हो गए।
पीड़िता की शिकायत के बाद कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी कब्जे में लिया है।
मां की डांट से नाराज होकर घर से निकली थी छात्रा
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मैनपुरी की रहने वाली 16 वर्षीय छात्रा 4 अगस्त को मां की डांट से नाराज होकर बिना बताए नोएडा जाने के लिए घर से निकल गई थी। रात में भारी बारिश और अंधेरे के कारण वह रास्ते में परी चौक पर उतर गई।
नोएडा सेक्टर-63 जाने के लिए किशोरी ने एक स्लीपर बस को रुकवाकर रास्ते के बारे में पूछा। आरोप है कि बस के कंडक्टर ने उसे सेक्टर-63 जाने की बात कहकर बस में बैठा लिया।
बस में अन्य यात्री नहीं होने का आरोप
बस में बैठने के बाद छात्रा को पता चला कि बस में कोई अन्य यात्री नहीं था। आरोप है कि बस चलने के बाद कंडक्टर ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इसके बाद चालक और कंडक्टर ने कथित तौर पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद दोनों आरोपी किशोरी को देर रात कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर छोड़कर फरार हो गए।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद किशोरी ने कश्मीरी गेट थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया और उसकी शिकायत के आधार पर सामूहिक दुष्कर्म, अपहरण और मारपीट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
जांच के दौरान पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एसीपी कोतवाली शंकर बनर्जी की निगरानी में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक कुलदीप और कंडक्टर संदीप को तिमारपुर पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।
नोट- नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने वाली कोई भी जानकारी प्रकाशित नहीं की गई है।
