सरस्वती शिशु मंदिर में पुनर्निर्मित वातानुकूलित भव्य भवन का लोकार्पण, सेवा और संस्कार के साथ सशक्त होगी शिक्षा
आगरा। समाजसेवा के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए लायंस क्लब प्रयास ने विजयनगर कॉलोनी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में पुनर्निर्मित वातानुकूलित एवं भव्य भवन का निर्माण कर उसे विद्यालय परिवार को समर्पित किया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित भवन के लोकार्पण समारोह में शिक्षा, सेवा और सामाजिक सरोकारों का सुंदर संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ लायंस क्लब के पूर्व अंतरराष्ट्रीय डायरेक्टर जितेंद्र चौहान, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आरएन वर्मा, संस्थापक अध्यक्ष संजीव मित्तल, संस्थापक सचिव विनीत खेरा, पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल, नेशनल चैंबर के पूर्व अध्यक्ष अतुल गुप्ता, विद्यालय के प्रबंधक किशोरी श्याम गोयल, कोषाध्यक्ष भविष्य अग्रवाल एवं प्रधानाचार्य अरविंद कुमार तिवारी ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
अतिथियों का स्वागत क्लब अध्यक्ष गीतिका अग्रवाल, सचिव आलोक अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष पुनीत बागला ने किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने विद्यालय परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए भवन के निर्माण को शिक्षा के क्षेत्र में लायंस क्लब प्रयास की महत्वपूर्ण सेवा बताया।
पूर्व अंतरराष्ट्रीय डायरेक्टर जितेंद्र चौहान ने कहा कि लायंस क्लब प्रयास द्वारा विद्यालय के लिए निर्मित वातानुकूलित भवन विद्यार्थियों और शिक्षकों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि इस सेवा कार्य का लाभ आने वाली पीढ़ियों को भी मिलेगा।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आरएन वर्मा ने कहा कि समाजसेवा तभी सार्थक होती है, जब उसका लाभ लंबे समय तक अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे। लायंस क्लब प्रयास ने विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन उपलब्ध कराकर शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य किया है। बच्चों को बेहतर सुविधाएं और सकारात्मक वातावरण देना उनके व्यक्तित्व एवं भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल ने कहा कि यह भवन केवल ईंट-पत्थरों की संरचना नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज की संवेदनशीलता और सेवा भावना का प्रतीक है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह भवन विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण प्रदान करेगा।
विद्यालय अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने लायंस क्लब प्रयास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “किरण चाहे सूर्य की हो या प्रयास की, जीवन के समस्त अंधकार मिटा देती है।” उन्होंने कहा कि क्लब द्वारा किया गया यह सेवा कार्य विद्यालय के प्रत्येक विद्यार्थी को लंबे समय तक याद रहेगा।
कार्यक्रम में पुनीत अग्रवाल, पंकज गर्ग, रूपाली अग्रवाल, रुचि बागला, तनुजा मांगलिक, रीना गर्ग, अंशुमान बावरी, हिमांशु दोनेरिया, रेनू भगत, सुरभि पाटनी, दिव्या गोयल, रानू अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
