स्वर्गीय विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह की स्मृति में 18 दिवसीय यात्रा, 240 गांवों तक पहुंचेगी; 19 सितंबर को होगा प्रतिमा स्थापना समारोह
कासगंज। अमांपुर विधानसभा क्षेत्र के स्वर्गीय विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह की स्मृति में निकाली जा रही अमर ज्योति संकल्प यात्रा अब तक 100 से अधिक गांवों का भ्रमण कर चुकी है। यात्रा के दौरान विभिन्न गांवों में ग्रामीणों ने उत्साह के साथ स्वागत किया। मुस्लिम बहुल गांवों में भी मुस्लिम समाज के लोगों ने यात्रा का जोरदार स्वागत कर आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।
अमांपुर विधानसभा क्षेत्र के करीब 240 गांवों से होकर गुजरने वाली यह यात्रा कुल 18 दिनों तक चलेगी। यात्रा का मुख्य उद्देश्य आगामी 19 सितंबर को होने वाले स्वर्गीय विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह की प्रतिमा स्थापना समारोह के लिए क्षेत्रवासियों को सपरिवार आमंत्रित करना है।
18 दिन नंगे पैर पैदल चलेंगे कृष्णा राजपूत
यात्रा की खास बात यह है कि स्वर्गीय विधायक के पुत्र एवं ब्लॉक प्रमुख कृष्णा राजपूत ने पूरे 18 दिनों तक नंगे पैर पैदल गांव-गांव पहुंचने का संकल्प लिया है। वह प्रत्येक गांव में ग्रामीणों से संपर्क कर उन्हें प्रतिमा स्थापना समारोह में शामिल होने का व्यक्तिगत निमंत्रण दे रहे हैं।
यात्रा के दौरान स्वर्गीय विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह के जनसेवा, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े विचारों को भी ग्रामीणों के बीच याद किया जा रहा है।
आयोजकों का कहना है कि अमर ज्योति संकल्प यात्रा केवल निमंत्रण अभियान नहीं, बल्कि स्वर्गीय विधायक के अधूरे सपनों को आगे बढ़ाने और क्षेत्रवासियों के साथ उनके आत्मीय संबंधों को मजबूत करने का जनसंकल्प है।
मुस्लिम गांवों में हुआ आत्मीय स्वागत
यात्रा जब मुस्लिम बहुल गांव गढ़का, पिथनपुर, हसनपुर, कनोई, बसई और सेवनपुर पहुंची तो मुस्लिम समाज के लोगों ने यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान असलम खान, दिलशाद अहमद, शकीब, मोहसिन खान सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा किए गए स्वागत से यात्रा में शामिल लोगों में उत्साह देखने को मिला। क्षेत्र में इस स्वागत को सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की मिसाल के तौर पर देखा जा रहा है।
19 सितंबर को होगा प्रतिमा स्थापना समारोह
अमर ज्योति संकल्प यात्रा के गांव-गांव पहुंचने के साथ ही 19 सितंबर को होने वाले प्रतिमा स्थापना समारोह को लेकर भी क्षेत्र में उत्साह बढ़ रहा है। आयोजकों को उम्मीद है कि समारोह में अमांपुर विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी शामिल होंगे।
— TIMES OF TAJ
