डीएम मनीष बंसल का बड़ा आदेश, बेसिक से लेकर CBSE-ICSE स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी रहेंगे बंद
आगरा। जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष बंसल ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार, 5 सितंबर 2026 को आगरा के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।
जारी आदेश के मुताबिक जनपद के कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालय बंद रहेंगे। इसमें बेसिक शिक्षा परिषद, माध्यमिक शिक्षा विभाग, CBSE और ICSE बोर्ड से संचालित विद्यालय शामिल हैं। इसके अलावा समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी अवकाश रहेगा।
आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई विद्यालय इस आदेश की अवहेलना करते हुए संचालित पाया जाता है तो संबंधित विद्यालय के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बारिश को देखते हुए लिया गया निर्णय
लगातार बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट के बीच प्रशासन ने यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया है। अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
जिला सूचना कार्यालय, आगरा द्वारा प्रसारित।
